नयी दिल्ली, दो जून (भाषा) पुलिस ने दिल्ली के बाहरी इलाके सुल्तानपुर माजरा में एक व्यक्ति को लूटने की कोशिश में चाकू मारकर उसे जख्मी करने के आरोप में चार नाबालिगों को हिरासत में लिया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि अपराध में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए बटन से चलने वाले दो चाकू भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 29 मई को उस समय घटी जब पीड़ित काम से घर लौट रहा था और सुल्तानपुर माजरा स्थित एक सरकारी स्कूल के पास रेल की पटरियों को पार कर रहा था।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह चलते समय फोन पर बात कर रहा था, तभी चार अज्ञात व्यक्ति उसके पास आए और उसे कथित तौर पर लूटने का प्रयास किया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, 'जब उसने विरोध किया, तो हमलावरों में से एक ने उसकी जांघ पर चाकू से हमला किया, जबकि दूसरे ने उसकी बाईं कलाई पर वार किया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।'
उन्होंने बताया कि 31 मई को पुलिस को सुल्तानपुर माजरा में एक आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिली और उन्होंने छापेमारी की, जिस दौरान एक नाबालिग संदिग्ध को पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और अपने साथियों की पहचान का खुलासा किया।
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद, पुलिस ने सोमवार को और छापेमारी की और शेष तीन संदिग्धों को पकड़ लिया, जो सभी नाबालिग हैं।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव