शाजापुर (मध्यप्रदेश), 31 मई (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को कहा कि गांव से मोटरसाइकिल पर सवार होकर सामान बेचने शहर जाने वाले किसानों को राज्य सरकार हेलमेट देगी ताकि सड़क हादसों से उनकी जान बचाई जा सके।
मुख्यमंत्री ने शाजापुर जिले के शुजालपुर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का 134वां संस्करण सुनने के बाद किसानों से संवाद के दौरान यह घोषणा की।
उन्होंने कहा, 'किसान दूध-फल-सब्जी जैसा सामान मोटरसाइकिल पर गांव से शहर लाते हैं। हेलमेट न होने की वजह से उन पर दुर्घटना का खतरा बना रहता है। हमारी सरकार हेलमेट देकर किसानों की जान बचाएगी। इस तरह हम दुर्घटनाओं को भी रोकेंगे और किसानों को सुरक्षा की गारंटी भी मिलेगी।'
मुख्यमंत्री यादव ने जोर देकर कहा कि उनके नेतृत्व में राज्य सरकार किसी भी सूरत में किसानों की आय बढ़ाएगी।
उन्होंने कहा, 'मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि हमारी सरकार जो निर्णय करती है, उसे लागू करती है। हमने आज 2,625 रुपये क्विंटल के दाम पर 1 करोड़ मीट्रिक टन से ज्यादा गेहूं की खरीद का रिकॉर्ड बनाया है। अभी तक हमने अपने ही सारे रिकॉर्ड तोड़े हैं। पूरे देश में सबसे ज्यादा लगभग 14 लाख किसानों से गेहूं खरीदने का रिकॉर्ड भी मध्यप्रदेश सरकार ने बनाया है।'
उन्होंने कहा, 'यह हमारी सरकार के काम करने का तरीका है। सरकार सोयाबीन के लिए भावांतर योजना के माध्यम से किसानों को लाभ देकर वचन को निभा रही है। हमारी सरकार उड़द को भी प्रोत्साहन दे रही है। पहली बार हम उड़द पर बोनस दे रहे हैं। मुझे प्रसन्नता है कि दालों के उत्पादन में मध्यप्रदेश देश में नंबर-1 है। हम उसमें और आगे बढ़ रहे हैं।'
मुख्यमंत्री ने कहा कि कि एक तरफ सरकार खेती पर जोर दे रही है तो दूसरी तरफ कारखानों के माध्यम से दालों का उत्पादन भी यहीं करने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा, 'तूअर दाल के आयात पर कारखानों को टैक्स की छूट देकर हमने वचन निभाया। कपास से लेकर कई चीजों में सरकार सभी को लाभ दे रही है। आने वाले समय में बरसात के बाद जब रबी की फसल आएगी तब हम दिन में बिजली देकर किसानों को कठिनाइयों से मुक्त करेंगे।'
उन्होंने कहा कि सरकार ने उड़द और मूंग का पंजीयन भी शुरू कर दिया है और इनकी भी खरीदी की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बाद में शुजालपुर शहर में एक रोड शो भी किया।
भाषा सं ब्रजेन्द्र जोहेब
जोहेब