Breaking News

जम्मू-कश्मीर: राजौरी में आतंकवादियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन 10वें दिन भी जारी     |   लखनऊः यूपी बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले मेधावियों को सम्मानित करेंगे CM योगी     |   पश्चिम बंगाल: महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा आज से हो रही शुरू     |   बिहार विधान परिषद की 10 सीटों के लिए आज से शुरू होगी नामांकन की प्रक्रिया     |   बिहार, झारखंड, ओडिशा में 6 जून तक बारिश का अलर्ट, महाराष्ट्र-गुजरात में भी बरसेंगे बादल     |  

टीएमसी की हार के बाद पश्चिम बंगाल में हिंसा की घटनाएं बढ़ीं: गहलोत

जयपुर, 31 मई (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद अभिषेक बनर्जी पर हमले की खबरों के बाद रविवार को राज्य में कानून-व्यवस्था के बिगड़ने का आरोप लगाया और इसके लिए भाजपा तथा निर्वाचन आयोग को जिम्मेदार ठहराया।

बनर्जी पर हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए गहलोत ने दावा किया कि चुनावों में टीएमसी की हार के बाद राज्य में हिंसा की घटनाएं बढ़ गई हैं।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, “बनर्जी के बारे में जो आप कह रहे हैं, वह इसलिए सामने आ रहा है क्योंकि वह प्रमुख नेता हैं। लेकिन चुनावों के बाद से पश्चिम बंगाल में व्यापक ‘गुंडागर्दी’ हो रही है।”

गहलोत ने आरोप लगाया कि टीएमसी कार्यकर्ताओं के दफ्तरों पर हमले किए जा रहे हैं और उन्हें जबरन खाली कराया जा रहा है।

उन्होंने दावा किया कि इन घटनाओं में भाजपा और आरएसएस से जुड़े लोग शामिल हैं।

उन्होंने निर्वाचन आयोग की भी आलोचना की और कहा कि चुनाव के दौरान असामान्य रूप से बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती ने प्रक्रिया को प्रभावित किया।

गहलोत ने कहा, “एक ही राज्य में करीब 2.5 लाख जवानों की तैनाती की गई। यह अभूतपूर्व था। निर्वाचन आयोग ने यह स्थिति पैदा की।”

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि लगभग 27 लाख मतदाताओं को उनके मतदान अधिकार से वंचित कर दिया गया।

भाषा बाकोलिया जोहेब

जोहेब