Breaking News

जम्मू-कश्मीर: राजौरी में आतंकवादियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन 10वें दिन भी जारी     |   लखनऊः यूपी बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले मेधावियों को सम्मानित करेंगे CM योगी     |   पश्चिम बंगाल: महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा आज से हो रही शुरू     |   बिहार विधान परिषद की 10 सीटों के लिए आज से शुरू होगी नामांकन की प्रक्रिया     |   बिहार, झारखंड, ओडिशा में 6 जून तक बारिश का अलर्ट, महाराष्ट्र-गुजरात में भी बरसेंगे बादल     |  

दिल्ली: आईजीआईए एक्सप्रेस मेट्रो सुरंग से तांबे की केबल चुराने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 31 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने बुद्ध जयंती पार्क के पास एयरपोर्ट एक्सप्रेस मेट्रो लाइन के किनारे से कथित रूप से तांबे की केबल चोरी करने और सुरक्षा उपकरणों को नुकसान पहुंचाने के आरोप में 29 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी एक अधिकारी ने रविवार को दी।

आरोपी की पहचान विनीत कुमार के रूप में हुई है, जिसे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा (आईजीआईए) मेट्रो पुलिस थाना द्वारा तकनीकी निगरानी आधारित जांच के बाद 30 मई को समालखा से पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार, यह मामला 23 मई को दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल और दिल्ली मेट्रो पुलिस द्वारा किए गए संयुक्त निरीक्षण के बाद सामने आया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को पता चला कि अज्ञात व्यक्तियों ने एलआईडीएआर सेंसर प्रणाली को नुकसान पहुंचाया, एक हूटर और उसके उपकरण चोरी किए तथा मेट्रो लाइन के किनारे प्रकाश व्यवस्था के लिए उपयोग की जाने वाली लगभग 120 मीटर तांबे की केबल काटकर ले गए।’’

इस संबंध में एक ई-प्राथमिकी दर्ज की गई और जांच शुरू की गई।

जांचकर्ताओं ने मेट्रो कॉरिडोर और रिज क्षेत्र के आसपास लगे 40 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। ऑटोमैटिक नंबर प्लेट पहचान (एएनपीआर) तकनीक और तकनीकी निगरानी की मदद से पुलिस ने अपराध में कथित रूप से इस्तेमाल की गई एक कार की पहचान की और आरोपी तक पहुंच बनाई।

अधिकारी ने बताया कि ‘‘विनीत कुमार ने पुलिस को जानकारी दी कि उसने अपने दो साथियों सागर उर्फ काला और हेंड्रू परेरा उर्फ बंटी के साथ मिलकर आर्थिक लाभ के लिए मेट्रो लाइन से कई बार तांबे की केबल चोरी की।’’

पुलिस ने कहा कि आरोपी कई आपराधिक मामलों में पहले से शामिल रहा है, जिनमें चोरी और शस्त्र अधिनियम से जुड़े मामले शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि उसकी गिरफ्तारी से आईजीआईए मेट्रो पुलिस थाने में दर्ज केबल चोरी के दो पुराने मामलों का भी खुलासा हुआ है। पुलिस ने बताया कि फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी का सामान बरामद करने के प्रयास जारी हैं।

भाषा अमित दिलीप

दिलीप