शिमला, 31 मई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को कहा कि राज्य में जनगणना दो चरण में कराई जाएगी।
सुक्खू ने लोगों से जनगणना कार्य निदेशालय द्वारा उपलब्ध कराई गई ‘‘स्व-गणना’’ सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि नागरिक एक जून से 15 जून 2026 तक स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जनगणना लोकतंत्र और विकास की रीढ़ है। यह आबादी, परिवारों की स्थिति, आवास, संसाधनों और नागरिकों को उपलब्ध सुविधाओं से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इस तरह के आंकड़े योजना बनाने और नीतियां तैयार करने में अहम भूमिका निभाते हैं।’’
सुक्खू ने कहा, ‘‘पहले चरण में 16 जून से 16 जुलाई 2026 तक मकानों की सूची तैयार करने और आवास संबंधी गणना का काम किया जाएगा। दूसरे चरण में आबादी की गणना की जाएगी। इस बार गणना डिजिटल माध्यम से होगी, जिसमें गणनाकर्मी और पर्यवेक्षक मकानों एवं परिवारों से जुड़ी जानकारी जुटाने के लिए मोबाइल उपकरणों का इस्तेमाल करेंगे।’’
सुक्खू ने कहा कि जनगणना अभियान का दूसरा चरण हिमाचल प्रदेश के बर्फबारी वाले क्षेत्रों में 11 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक चलाया जाएगा जबकि शेष क्षेत्रों में यह नौ फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनगणना के माध्यम से जुटाए गए आंकड़े भविष्य की विकास योजनाएं और नीतियां तैयार करने में सरकार की मदद करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
भाषा सिम्मी सुभाष
सुभाष