अहमदाबाद, 31 मई (भाषा) गुजरात में जनगणना-2027 के पहले चरण की शुरुआत सोमवार से होगी, जिसके तहत पहली बार पूरी तरह डिजिटल माध्यम से एक महीने तक चलने वाला गृह सूचीकरण अभियान चलाया जाएगा।
अधिकारियों ने रविवार को बताया कि एक जून से 30 जून तक चलने वाले गृह सूचीकरण एवं आवास गणना अभियान (एचएलओ) के दौरान एक लाख से अधिक गणनाकर्मी राज्य के प्रत्येक जिले, शहरी निकाय और गांव में घर-घर जाकर आवासीय स्थिति और सुविधाओं का आकलन करेंगे।
गुजरात में जनगणना संचालन निदेशक सुजल मायात्रा ने कहा कि यह कवायद देश की 16वीं जनगणना और स्वतंत्रता के बाद आठवीं जनगणना का प्रतीक है।
उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘इस चरण में गणनाकर्मी 33 प्रश्न पूछेंगे, जिनमें आवास की स्थिति, परिवार का विवरण, पेयजल स्रोत, शौचालय सुविधा और घरेलू संपत्तियों से जुड़े प्रश्न शामिल हैं।’’
उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में जनसंख्या गणना (पीई) और जाति जनगणना शामिल होगी और यह नौ फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक आयोजित किया जाएगा।
जनगणना संचालन निदेशालय के अनुसार, गुजरात में 1,10,598 गृह सूचीकरण ब्लॉक हैं तथा इस कार्य के लिए 1,09,038 गणनाकर्मी और 18,254 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं।
मायात्रा ने नागरिकों से अपील की कि वे जनगणना कर्मियों का सहयोग करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं।
केंद्र सरकार ने नागरिकों को ऑनलाइन विवरण भरने की सुविधा देने के लिए 17 मई से 31 मई तक आधिकारिक पोर्टल पर स्व-गणना सुविधा भी शुरू की थी।
वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 17 मई से शुरू इस अभियान के तहत गुजरात में अब तक 3.74 लाख से अधिक नागरिकों ने भाग लिया है।
भाषा अमित सुरेश
सुरेश