मंदसौर (मध्यप्रदेश), 31 मई (भाषा) मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में पुलिस ने रविवार को करीब 20 से 40 करोड़ रुपये मूल्य की 20 किलोग्राम ‘ब्राउन शुगर’ जब्त की और मामले में एक महिला समेत पांच कथित अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया जबकि एक आरोपी फरार हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार मीणा ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि न्यू आबादी पुलिस थाने की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कुछ वाहनों को रोका और तलाशी ली तो ये मादक पदार्थ बरामद हुए।
उन्होंने कहा कि जब्त किए गए मादक पदार्थ की कीमत 40 करोड़ रुपये तक हो सकती है यदि प्रयोगशाला परीक्षणों में यह साबित हो जाता है कि यह बेहतर गुणवत्ता का है।
उन्होंने कहा कि अगर घटिया गुणवत्ता का पता चलता है तो भी इसकी कीमत 20 करोड़ रुपये से कम नहीं होगी।
पुलिस के मुताबिक, इन मादक पदार्थों को खरीदने के लिए दो लोग इंदौर से मंदसौर आए थे।
मीणा ने कहा कि पुलिस ने आरोपियों के पास से चार पहियों वाले दो वाहन और करीब 2.5 लाख रुपये मूल्य के सात मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से नकी बरामद नहीं की गई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी कथित तौर पर नशीले पदार्थों की अंतरराज्यीय तस्करी में शामिल थे।
उन्होंने कहा कि पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों, आपूर्तिकर्ताओं के नेटवर्क और वित्तीय लेनदेन की विस्तृत जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इंदौर के हेमंत वर्मा (50) और मोना सेन (48) और राजस्थान के प्रतापगढ़ के निवासी राहुल मीणा (36), सुभाष उर्फ पिंटू नाहर (46) और जितेंद्र उर्फ कारू मीणा (35) के रूप में हुई है।
मीणा ने बताया कि न्यू आबादी थाने में स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की धारा 8, 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
फरार आरोपी की पहचान राजस्थान के प्रतापगढ़ के निवासी अजीज उर्फ एजाज के रूप में हुई है।
भाषा सं ब्रजेन्द्र जोहेब
जोहेब