Breaking News

जम्मू-कश्मीर: राजौरी में आतंकवादियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन 10वें दिन भी जारी     |   लखनऊः यूपी बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले मेधावियों को सम्मानित करेंगे CM योगी     |   पश्चिम बंगाल: महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा आज से हो रही शुरू     |   बिहार विधान परिषद की 10 सीटों के लिए आज से शुरू होगी नामांकन की प्रक्रिया     |   बिहार, झारखंड, ओडिशा में 6 जून तक बारिश का अलर्ट, महाराष्ट्र-गुजरात में भी बरसेंगे बादल     |  

उत्तराखंड में खराब मौसम के कारण केदारनाथ यात्रा अस्थायी रूप से रोकी गई

रुद्रप्रयाग, 31 मई (भाषा) भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा भारी बारिश और तूफान की आशंका जताते हुए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किए जाने के बाद केदारनाथ यात्रा रविवार को अस्थायी रूप से स्थागित कर दी गई और तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थलों पर रोक दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

जिला प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे यात्रा मार्ग पर मौजूद सभी श्रद्धालुओं को तुरंत निकटतम ‘होल्डिंग’ (ठहरने के स्थानों) केंद्रों में ठहराएं।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने कहा कि मौसम की स्थिति से उत्पन्न होने वाली किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।

उन्होंने कहा, 'रुद्रप्रयाग में भारी बारिश और तूफान के 'ऑरेंज अलर्ट' के बाद सभी श्रद्धालुओं को निकटतम सुरक्षित स्थानों पर रोकने के निर्देश जारी किए गए हैं। सोनप्रयाग और गौरीकुंड सहित भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में तैनात सेक्टर अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि मौसम साफ होने तक कोई भी श्रद्धालु आगे न बढ़े।'

रजवार ने बताया कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियात के तौर पर सुबह करीब 9:45 बजे यात्रा रोक दी गई।

गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने लगातार हो रही बारिश और प्रतिकूल मौसम के कारण केदारनाथ यात्रा को एहतियात के तौर पर अस्थायी रूप से रोक दिया है।

स्वरूप ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें, अफवाहों पर ध्यान न दें और अपने निर्धारित स्थानों पर बने रहें क्योंकि मौसम में सुधार होते ही यात्रा सुचारू रूप से फिर से शुरू हो जाएगी।

अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से यात्रा करने से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने और प्रशासनिक दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन करने का आग्रह किया है।

अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और यात्रियों की सुविधा तथा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी इंतजाम कर रहा है।

उन्होंने बताया कि संबंधित क्षेत्रों में सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और जिला आपदा मोचन बल (डीडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) तथा राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के दल ‘हाई अलर्ट’ पर हैं।

अधिकारियों ने कहा कि मौसम और सुरक्षा स्थितियों का पुनर्मूल्यांकन करने के बाद यात्रा को दोबारा शुरू करने के संबंध में नए निर्देश जारी किए जाएंगे।

भाषा सुमित सिम्मी

सिम्मी