नयी दिल्ली, 31 मई (भाषा) वैध वीजा दस्तावेजों के बिना भारत में रहने के आरोप में दक्षिण पश्चिम दिल्ली में छह विदेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इनमें पांच नाइजीरियाई और आइवरी कोस्ट का एक नागरिक है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि वसंत कुंज उत्तर पुलिस थाने में स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत दर्ज एक मामले की जांच के दौरान यह कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा, ‘‘पूछताछ के दौरान, विदेशी नागरिकों ने दावा किया कि वे पर्यटक एवं व्यावसायिक वीजा पर भारत आए थे और उनके दस्तावेज सुरक्षित रखने के लिए उनके दूतावासों में जमा हैं।’’
पुलिस ने बताया कि हालांकि, आव्रजन अधिकारियों से सत्यापन कराने पर पता चला कि भारत में उनकी वीजा की अवधि समाप्त हो गई है और उनके पास वैध वीजा दस्तावेज नहीं हैं।
अधिकारी ने कहा, ‘‘सभी कानूनी औपचारिकताओं और सत्यापन प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद, विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) के माध्यम से निर्वासन की कार्यवाही शुरू की गई है।’’
भाषा सुभाष सिम्मी
सिम्मी