Breaking News

हिज्बुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में इजरायली सैनिकों पर हुए ड्रोन हमले की जिम्मेदारी ली     |   वाराणसी: जल निगम की पाइपलाइन में लगी भीषण आग     |   गुजरात में भूकंप के झटके, 3.4 मापी गई तीव्रता     |   उत्तराखंड: धामी सरकार ने 28 अप्रैल को बुलाया विशेष सत्र, नारी वंदन अधिनियम पर होगी चर्चा     |   विधानसभा चुनाव: पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में अब तक 1000 करोड़ की शराब और कैश जब्त     |  

डीआरआई ने तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया, 139 करोड़ रुपये के तरबूज के बीज और हरी मटर के कंटेनर जब्त

मुंबई, 20 अप्रैल (भाषा) राजस्व खुफिया निदेशालय ने तरबूज के बीज और हरी मटर की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इन चीजों के आयात पर रोक लगी हुई है। डीआरआई ने नवी मुंबई के न्हावा शेवा बंदरगाह पर 132 कंटेनर जब्त किए हैं, जिनमें मौजूद सामान की कीमत 139 करोड़ रुपये है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि आयात करने वाली कंपनी का मालिक संगठित तस्करी के इस अभियान के लिए जिम्मेदार एक अहम व्यक्ति था और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर डीआरआई मुंबई ने लगभग 3,029 टन माल की खेप को रोका, जिसे गलत तरीके से अरहर की दाल बताया जा रहा था।

उन्होंने बताया कि विस्तृत जांच के दौरान तंजानिया और सूडान से आए 2,710 टन तरबूज के बीज और कनाडा से आए 319 टन हरे मटर पाए गए।

डीआरआई द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, सरकार ने सस्ते आयात से घरेलू किसानों की सुरक्षा के लिए इन दोनों वस्तुओं के आयात पर सख्त प्रतिबंध लगाया है। जून 2024 से तरबूज के बीजों के आयात को प्रतिबंधित कर दिया गया है।

इसमें कहा गया है कि इसी तरह दिसंबर 2019 से हरी मटर के आयात पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।

एक अधिकारी ने बताया कि आयात करने वाली कंपनी के मालिक को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया और जांच जारी है।

भाषा

शुभम रंजन

रंजन