नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार रात गरज-चमक के साथ बारिश हुई, जिसके बाद भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आंधी-तूफान की चेतावनी जारी करते हुए निवासियों को घरों के अंदर रहने की सलाह दी।
आईएमडी ने बताया कि तूफान की एक तीव्र स्थिति बनी है, जो दिल्ली में पश्चिम से पूर्व की ओर बढ़ रही है। इसके प्रभाव से मध्यम बारिश होने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं तथा बिजली कड़कने की संभावना है, जो अगले कुछ घंटों तक जारी रह सकती है।
मौसम कार्यालय ने इस संबंध में 'ऑरेंज अलर्ट' भी जारी किया है।
आईएमडी के अनुसार, दिल्ली और एनसीआर में गरज और चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है।
इसने कहा कि दिल्ली में शुक्रवार शाम बादल छाने और बारिश होने के कारण शाम चार बजे से छह बजे के बीच कई स्थानों पर तापमान में सात से 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
भाषा
प्रचेता नेत्रपाल
नेत्रपाल