Breaking News

‘बिल पास होना संभव ही नहीं था’, 131वां संविधान संशोधन बिल गिरने पर बोलीं प्रियंका गांधी     |   सैन्य जहाजों को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की अनुमति नहीं होगी: ईरानी अधिकारी     |   लखनऊ: दोहरी नागरिकता मामले में राहुल गांधी पर FIR दर्ज करने के आदेश     |   अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में आज भी तेजी, 29 पैसे चढ़कर 92.85 पर पहुंचा     |   सेंसेक्स 504 अंक उछलकर 78,493 पर, निफ्टी 156 अंक चढ़कर 24,353 पर बंद हुए     |  

कर्नाटक में भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत

यादगिर, 17 अप्रैल (भाषा) कर्नाटक में यादगिर जिले के सुरपुर तालुका में शुक्रवार को एक निजी बस से भिड़ंत के बाद कार में आग लगने से एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

इसने बताया कि यह दुर्घटना सुरपुर तालुका में शांतापुरा क्रॉस के पास हुई।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान कृष्णा नायक (52) और उनकी पत्नी अनंत काला (45), शरणप्पा (36) और उनकी पत्नी निसर्गा (30), उनके बच्चों सिद्धार्थ (3), आद्विक (5), और श्रीनिधि (1.5) और शशिकला (30) तथा उनके बेटे चंदन (8) के रूप में हुई है।

पुलिस का कहना है कि शशिकला का दूसरा बेटा विराट (10) बाल-बाल बच गया।

प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से पुलिस अधीक्षक पृथ्वी शंकर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि कार का टायर फट गया, जिसके बाद चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार एक निजी बस से जा टकराई।

उन्होंने कहा कि इसके बाद कार में आग लग गई।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कार में पांच बच्चों समेत कुल 10 लोग सवार थे। उन्होंने बताया कि दो बच्चों समेत चार लोग मौके पर जिंदा जल गए।

उन्होंने कहा कि इन सभी को यादगिर चिकित्सा विज्ञान संस्थान ले जाया गया जहां इनमें से नौ को मृत घोषित कर दिया गया जबकि एक मात्र जिंदा बचे विराट का इलाज किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार और बस दोनों आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गईं। अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाकर्मी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और आग बुझाई।

पुलिस अधीक्षक के अनुसार, कार में सवार ये लोग रायचूर जिले के सिरवार तालुका के निवासी थे। उन्होंने कहा कि ये लोग कार से यादगिर से रायचूर में अपने गृहनगर जा रहे थे, जबकि बस बेंगलुरु से कलबुर्गी जा रही थी।

उन्होंने बताया कि बस में यात्रा कर रहे सभी 20 यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें समय रहते बचा लिया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है।

भाषा राजकुमार नेत्रपाल

नेत्रपाल