गुरुग्राम, 17 अप्रैल (भाषा) हरियाणा के नूंह जिले में शुक्रवार को एक मेवाती गायक को 'यूट्यूब' पर अपलोड गीत में बंदूक संस्कृति और जबरन वसूली को बढ़ावा देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि नूंह की साइबर पुलिस ने 12 अप्रैल को दर्ज की गई एक शिकायत के संबंध में गायक असलम (25) को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, शिकायत में आरोप लगाया गया है कि यूट्यूब पर अपलोड किए गए एक गाने में अवैध हथियार रखने और विभिन्न आपराधिक गतिविधियों का महिमामंडन किया गया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, 'हम उससे पूछताछ कर रहे हैं और उसे कल नूंह की अदालत में पेश किया जाएगा।'
पुलिस ने कहा कि इस तरह की सामग्री समाज में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा करती है और युवाओं पर इसका विशेष रूप से नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
पुलिस ने इस मामले से जुड़े एक यूट्यूब चैनल और फेसबुक अकाउंट को बंद करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
भाषा
प्रचेता पवनेश
पवनेश