नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) भारत और चीन ने 16-17 अप्रैल को शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के तहत द्विपक्षीय परामर्श बैठक आयोजित की, जिसमें दोनों पक्षों ने एससीओ नेताओं के फैसलों के कार्यान्वयन और संगठन की भावी रणनीति पर विचारों का आदान-प्रदान किया। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
बयान के मुताबिक, बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व एससीओ के लिए भारत के राष्ट्रीय समन्वयक आलोक ए डिमरी ने किया, जबकि चीनी प्रतिनिधिमंडल की कमान चीन के राष्ट्रीय समन्वयक राजदूत यान वेनबिन ने संभाली।
बयान में कहा गया, ‘‘भारत और चीन ने 16-17 अप्रैल को नयी दिल्ली में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की द्विपक्षीय परामर्श बैठक आयोजित की।’’
इसमें कहा गया कि दोनों पक्षों ने ‘‘एससीओ नेताओं के निर्णयों के कार्यान्वयन और संगठन की भावी रणनीति पर विचारों का आदान-प्रदान किया।’’
बयान के अनुसार, बैठक में भारत और चीन एससीओ से जुड़े मामलों में आपसी सहयोग और परामर्श को जारी रखने एवं मजबूत करने पर सहमत हुए।
इसमें कहा गया कि दोनों पक्षों ने विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज से सुरक्षा, व्यापार, संपर्क और लोगों से लोगों के बीच संबंधों सहित अन्य क्षेत्रों में एससीओ ढांचे के भीतर सहयोग की समीक्षा करने का संयुक्त रूप से आह्वान किया।
बयान में कहा गया कि दोनों पक्ष भविष्य में आपसी परामर्श जारी रखने पर सहमत हुए।
भाषा पारुल नेत्रपाल
नेत्रपाल