Breaking News

IRCTC घोटाला: लालू परिवार के खिलाफ अब 6 मई को आएगा फैसला     |   संसद: बिल से पहले स्पीकर संग अमित शाह की बड़ी बैठक     |   तमिलनाडु: चुनाव मैदान में उतरे पलानीस्वामी, एडप्पादी में की जनसभा     |   परिसीमन को लेकर दक्षिण भारत में भ्रम फैलाने की कोशिश हो रही: मंत्री किरण रिजिजू     |   लखनऊ: दो बच्चों की जलकर मौत, देर रात 50 से ज्यादा झुग्गियों में लगी थी आग     |  

ओडिशा: पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर 15 अप्रैल को विशेष अनुष्ठान के कारण चार घंटे के लिए बंद रहेगा

पुरी, 15 अप्रैल (भाषा) ओडिशा में पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर बुधवार शाम को एक विशेष धार्मिक अनुष्ठान के कारण चार घंटे तक श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेगा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) ने एक विज्ञप्ति में बताया कि ‘बनकलागी नीति’ के आयोजन के दौरान मंदिर शाम छह बजे से रात 10 बजे तक बंद रहेगा।

विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘बुधवार, 15 अप्रैल, 2026 को... पवित्र देवताओं की बनकलागी नीति का आयोजन किया जाएगा। इसलिए, दूसरे भोग मंडप में अर्पण के बाद शाम छह बजे से रात 10 बजे तक सार्वजनिक दर्शन अस्थायी रूप से निलंबित रहेंगे।’’

मंदिर आमतौर पर मध्यरात्रि तक श्रद्धालुओं के लिए खुला रहता है।

‘बनकलागी’ एक विशेष अनुष्ठान है जिसमें भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ की मूर्तियों पर प्राकृतिक रंगों का लेप चढ़ाया जाता है।

‘बनकलागी’ को ‘श्रीमुख श्रृंगार’ भी कहा जाता है। इस दौरान ‘दत्ता मोहपात्रा’ कहे जाने वाले सेवकों का एक वर्ग जड़ी-बूटियों और ‘कस्तूरी’ एवं ‘कपूर’ जैसी सामग्रियों से तैयार किए गए रंगों को मूर्तियों के चेहरों पर लगाता है।

एसजेटीए के एक अधिकारी ने बताया कि यह अनुष्ठान साल में कई बार किया जाता है जो प्राय: बुधवार या बृहस्पतिवार को होता है।

इसी बीच, उड़िया नव वर्ष के अवसर पर मंगलवार रात को एक और अनुष्ठान किया गया जिसमें मूर्तियों के ‘रत्न पलंकों’ (रत्न जड़ित शय्या) को नए पलंकों से बदला गया।

एसजेटीए के मुख्य प्रशासक अरविंद पाढ़ी ने बताया कि पांच फुट लंबाई और तीन फुट चौड़ाई वाली पुरानी ‘रत्न पलंकों’ को संरक्षण के लिए नीलाद्री संग्रहालय में स्थानांतरित कर दिया गया है।

भाषा सुरभि मनीषा

मनीषा