Breaking News

कोलकाता से एक गिरफ्तार, पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों के लिए जासूसी करने का आरोप     |   विदेश से लौटते ही कल पीएम मोदी कैबिनेट मंत्रियों के साथ मीटिंग करेंगे     |   रोम: पीएम मोदी को खाद्य एवं कृषि संगठन का सर्वोच्च सम्मान मिला     |   भोपाल: ट्विशा का दूसरा पोस्टमार्टम नहीं होगा, परिवार की याचिका कोर्ट से खारिज     |   केरलम में दूध के दाम चार रुपये बढ़े, एक जून से होंगे लागू     |  

यूपी में भीषण लू का कहर, प्रयागराज में पारा 47°C के करीब, मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट जारी

उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से में भीषण लू का प्रकोप जारी है। अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी का दौर जारी रहने का अनुमान है। इसे देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से राज्य के दक्षिणी हिस्सों में झुलसा देने वाली गर्मी पड़ने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग की तरफ से प्रयागराज के लिए जारी सात-दिन के तापमान के पूर्वानुमान के मुताबिक, पारा 47 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इसे देखते हुए, जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे दिन के समय बिना किसी जरूरी काम के बाहर न निकलें।

जिला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में गर्मी से जुड़ी आपात स्थितियों में लोगों का इलाज करने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। हाल ही में, स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय ने आयुष मंत्रालय के साथ मिलकर एक सार्वजनिक स्वास्थ्य परामर्श जारी किया है। इसमें लू की स्थिति के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, धूप में रहने से बचने, हल्के सूती कपड़े पहनने और खान-पान को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। साथ ही कार्यस्थलों, सार्वजनिक समारोहों और बाहरी गतिविधियों के लिए भी विशेष सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।