UP Weather: उत्तर प्रदेश में मानसून की दस्तक अब बेहद करीब है, मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में मंगलवार से बुधवार के बीच कभी भी मानसून सक्रिय हो सकता है, इसके साथ ही कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर समेत 26 जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। वहीं प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी सहित 29 जिलों में वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इसके अलावा 25 अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट-
रविवार से सोमवार के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश और तराई के कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हुई। बहराइच में सर्वाधिक 104 मिमी और श्रावस्ती में 80 मिमी वर्षा दर्ज की गई। बारिश के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
इससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। इससे पहले सोमवार को आगरा 42.9 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश में सर्वाधिक गर्म रहा। वहीं अलीगढ़ में 42 डिग्री और बांदा में 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 30 जून से एक जुलाई के बीच प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेजी पकड़ेंगी। जुलाई के पहले सप्ताह में पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश के आसार हैं।