Breaking News

शिवसेना पार्षद रमेश म्हात्रे को डॉक्टरों से मारपीट केस में 13 जुलाई तक पुलिस कस्टडी     |   चीनी राष्ट्रपति-नॉर्थ कोरियाई प्रीमियर की बैठक में रणनीतिक सहयोग बढ़ाने पर सहमति     |   ED की ओर से बैंक खाते फ्रीज करने पर TMC ने कलकत्ता हाई कोर्ट का रुख किया     |   E20 पेट्रोल को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका, सादे पेट्रोल का विकल्प देने की मांग     |   सिक्कम: नेशनल हाईवे 10 पर सिंगतम-रंगपो के बीच भूस्खलन, गंगटोक जाने वाली सड़क बंद     |  

उत्तराखंड में भारी बारिश को लेकर हाई अलर्ट, CM धामी ने अधिकारियों को दिए 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश

उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री लगातार आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन से बारिश की स्थिति और तैयारियों की जानकारी ले रहे हैं।

गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने बतया कि राज्य के कई जिलों में रेड अलर्ट और अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। सभी जिलाधिकारियों और आपदा प्रबंधन टीमों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। जलभराव, भूस्खलन और सड़क बंद होने जैसी घटनाओं से तुरंत निपटने के लिए टीमें तैनात हैं। अगर किसी मार्ग पर भूस्खलन होता है, तो उसे जल्द से जल्द खोलने की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और ऐसे स्थानों पर जाने से बचें, जहां जान का खतरा हो सकता है।

वहीं, चारधाम यात्रा को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। सभी धामों में जिलाधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो। लगातार बारिश के कारण ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। एसडीआरएफ, जल पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीमें त्रिवेणी घाट और आसपास के इलाकों में 24 घंटे गश्त कर रही हैं, ताकि किसी भी दुर्घटना या अप्रिय घटना को रोका जा सके। प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे जाने से बचने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।