Breaking News

हिमाचल हाईकोर्ट का आदेश, फ्यूल बचाने के लिए वर्क फ्रॉम होम और कारपूलिंग लागू     |   डॉलर के मुकाबले रुपया फिर कमजोर, शुरुआती ट्रेड में 18 पैसे की गिरावट     |   उत्तराखंड में हीटवेव अलर्ट, मैदानी इलाकों में 40°C पार जाने की आशंका     |   UPSC एग्जाम में बड़ा बदलाव, अब प्रीलिम्स के तुरंत बाद आएगी Answer Key     |   पासपोर्ट केस में रणदीप सिंह सुरजेवाला की मुश्किलें बढ़ीं, क्राइम ब्रांच ने भेजा समन     |  

श्रावस्ती में योगी सरकार की बड़ी कार्रवाई, सरकारी जमीन पर बनी अवैध मजार पर चला बुलडोजर

श्रावस्ती: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुपालन में सीमावर्ती जनपदों में अवैध मजार के निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए श्रावस्ती प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। भिनगा-सिरसिया मार्ग पर नगर पालिका परिषद की आरक्षित भूमि पर अवैध रूप से बने मजार को गिराकर शासकीय संपत्ति को मुक्त कराया गया। यह कार्रवाई प्रशासन, नगर पालिका और राजस्व विभाग के संयुक्त अभियान के तहत की गई।

यह भूमि नगर पालिका भिनगा के अंतर्गत आता है और इसे इमारती लकड़ी भंडारण के लिए आरक्षित किया गया था। प्रशासन को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि इस भूमि पर कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध कब्जा कर मजार का निर्माण कर लिया गया है। प्रशासन ने तत्काल सख्ती दिखाते हुए शासकीय भूमि पर अनधिकृत कब्जे के खिलाफ कार्रवाई की।

जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में नगर पालिका परिषद, राजस्व विभाग और पुलिस बल के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने पहले सीमांकन कर कब्जे की विधिवत पहचान की और संबंधित पक्षों को अग्रिम सूचना दी गई। निर्धारित समय के पश्चात मंगलवार को पूरे प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुंचकर अवैध मजार के खिलाफ कार्रवाई को अंजाम दिया। अवैध मजार सहित सभी निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया और भूमि को पूर्ण रूप से कब्जा मुक्त घोषित किया गया। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में सुरक्षाबल भी तैनात रहे ताकि कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

जिलाधिकारी ने बताया कि नगर पालिका की आरक्षित भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत हटाया गया है। यह कार्यवाही कानून व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक हित की रक्षा के लिए आवश्यक थी। भविष्य में किसी को भी सरकारी भूमि पर कब्जा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।