उत्तर प्रदेश में युवाओं को तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण से जोड़ने के लिए योगी सरकार ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश का पांचवां चरण शुरू कर दिया है। इस चरण में चौथे चरण के बाद खाली रह गई सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। इसमें पहले से पंजीकृत लेकिन चयन से वंचित अभ्यर्थियों के साथ नए ऑनलाइन आवेदन करने वाले युवाओं को भी मौका मिलेगा।
व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के विशेष सचिव और राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (SCVT) के अधिशासी निदेशक अभिषेक सिंह ने प्रवेश प्रक्रिया को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। रिक्त सीटों के लिए शैक्षिक योग्यता के आधार पर तैयार मेरिट सूची संबंधित राजकीय ITI को उपलब्ध करा दी गई है।
15 अक्टूबर तक जमा करना होगा रैंक कार्ड
प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी SCVT की आधिकारिक वेबसाइट www.scvtup.in पर जाकर ‘पंचम चरण के लिए रैंक’ लिंक से अपना रैंक कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें पूर्व पंजीकृत या नवीन आवेदनकर्ता का विकल्प चुनकर पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी।
रैंक कार्ड का प्रिंट निकालकर उस पर हस्ताक्षर करना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों को हस्ताक्षरित रैंक कार्ड 13 से 15 अक्टूबर 2026 के बीच संबंधित जिले के किसी भी राजकीय ITI में जमा करना होगा। विशेष रूप से नोडल राजकीय ITI में इसे जमा करने की व्यवस्था की गई है।
पुराने आवेदकों को पहले मिलेगा मौका
पांचवें चरण में प्रवेश के लिए पहले उन अभ्यर्थियों पर विचार किया जाएगा, जिन्होंने चौथे चरण तक पंजीकरण कराया था, लेकिन उनका चयन नहीं हो पाया था। इन अभ्यर्थियों को उपलब्ध रिक्त सीटों पर प्राथमिकता दी जाएगी।
इसके बाद बची हुई सीटों पर नए ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को मेरिट के आधार पर ट्रेड और व्यवसाय आवंटित किए जाएंगे। जिला स्तर पर गठित चयन समिति 16 अक्टूबर 2026 तक चयनित अभ्यर्थियों की अनुमोदित सूची तैयार करेगी। यह सूची संबंधित संस्थानों के सूचना पट्ट पर भी प्रदर्शित की जाएगी।
दस्तावेजों की जांच के बाद मिलेगा प्रवेश
प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। इसमें शैक्षिक योग्यता, जाति प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी अभिलेखों की जांच शामिल है। संस्थानों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाए।
17 अक्टूबर तक पोर्टल पर अपलोड होगा डाटा
राजकीय ITI में प्रवेश लेने वाले सभी अभ्यर्थियों का विवरण SCVT पोर्टल पर अपलोड और सत्यापित करना होगा। संस्थानों को यह प्रक्रिया 17 अक्टूबर 2026 की रात 12 बजे तक पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
कौशल प्रशिक्षण से रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर
योगी सरकार का लक्ष्य युवाओं को तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर रोजगार और स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है। राजकीय ITI के माध्यम से उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि युवा अपनी योग्यता और कौशल के आधार पर बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।
प्रवेश के पांचवें चरण से खाली सीटों पर अधिक युवाओं को प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। इससे युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और प्रदेश में कौशल विकास को बढ़ावा देने के प्रयासों को गति मिलने की उम्मीद है।