योगी सरकार विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को पूरा करने के लिए उत्तर प्रदेश में स्वच्छ, सतत और किफायती ऊर्जा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर दे रही है। इसी दिशा में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन (ओआरएफ) की ओर से आयोजित वर्चुअल बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में स्वच्छ ऊर्जा, सस्ती बिजली, विद्युत ग्रिड के आधुनिकीकरण और ऊर्जा क्षेत्र में निवेश बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक का विषय ‘पॉवरिंग विकसित भारत-2047: सबनेशनल पाथवे फॉर इंडिया एनर्जी ट्रांजीशन’ था। इसमें भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने और ऊर्जा संक्रमण को प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
सौर ऊर्जा और आधुनिक तकनीक को मिलेगा बढ़ावा
ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के विजन को साकार करने में ऊर्जा क्षेत्र की अहम भूमिका है। प्रदेश सरकार स्वच्छ और सतत ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ नागरिकों को भरोसेमंद और किफायती बिजली उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए सौर ऊर्जा का विस्तार, आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल और बिजली वितरण व्यवस्था को मजबूत बनाना जरूरी है। इससे ऊर्जा संसाधनों का बेहतर उपयोग करने में मदद मिलेगी।
ऊर्जा क्षेत्र में निवेश पर जोर
मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित करके प्रदेश में सक्षम और आधुनिक ऊर्जा व्यवस्था विकसित की जा सकती है। इसके लिए राज्यों के बीच समन्वय, अनुभवों का आदान-प्रदान और स्थानीय जरूरतों के अनुसार नीतियां तैयार करना महत्वपूर्ण है।
योगी सरकार का जोर ऐसी ऊर्जा व्यवस्था विकसित करने पर है, जिससे बिजली की आपूर्ति विश्वसनीय बने और आम नागरिकों को किफायती दरों पर बिजली उपलब्ध कराने के प्रयासों को मजबूती मिले।
विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में योगदान देगा उत्तर प्रदेश
प्रदेश सरकार स्वच्छ ऊर्जा, नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार और बिजली वितरण व्यवस्था के आधुनिकीकरण के जरिए ऊर्जा क्षेत्र को मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य ऊर्जा संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करते हुए सतत विकास को बढ़ावा देना है।
ए.के. शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश स्वच्छ, सतत और किफायती ऊर्जा व्यवस्था विकसित करके विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प में प्रभावी योगदान देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।