Breaking News

राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में झमाझम बारिश     |   नागपुर: गोधनी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में क्लोरीन गैस लीक, 40 लोग अस्पताल में भर्ती     |   UP: ‘देश की संस्थाओं को अपमानित करना गलत’, सीएम योगी का राहुल गांधी पर पलटवार     |   साइबर टेररिज्म केस 2025: NIA की तेलंगाना के पेड्डापल्ली में कई जगहों पर छापेमारी     |   झारखंड सरकार ने पेपरलीक मामले में SC का नोटिस स्वीकारा, दाखिल करेगी जवाब     |  

उत्तर प्रदेश: बाराबंकी में दीवार गिरने से दो बच्चों की मौत, तीन लोग घायल

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में दीवार गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि बाराबंकी जिले के दरियाबाद क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक पुरानी दीवार गिरने से उसके मलबे में दबने से दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई और तीन अन्य जख्मी हो गए। दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र के गुलचप्पा कलां अलियाबाद गांव में आज पांच बच्चे खेलते वक्त गांव की एक गली से गुजर रहे थे, तभी सालों पुरानी ईंट की दीवार अचानक ढह गयी, जिसके मलबे में वे दब गए।

उन्होंने बताया कि ग्रामीणों के अनुसार दीवार गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आये और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए और मलबे में दबे बच्चों को निकाला लेकिन तब तक हुजैफा (सात) और हाजरा बानो (14) की मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि घटना में हस्सान (आठ), हानिया (चार) और अदनान (14) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज जारी है।

ग्रामीणों का कहना है कि जिस दीवार के गिरने से यह हादसा हुआ, वो लंबे समय से जर्जर थी और लगातार बारिश के कारण उसकी हालत और भी ज्यादा खराब हो गई थी। उन्होंने कहा कि कई बार दीवार के मालिक से इसे गिराने या मरम्मत कराने की मांग की गयी थी, लेकिन किसी ने गंभीरता नहीं दिखाई। पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।