Breaking News

यूपीआईटीएस 2026 में ₹6,500 करोड़ के 4,400 एमओयू, ₹15,500 करोड़ के कारोबार का अनुमान

उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) 2026 का चौथा संस्करण कारोबार, निवेश और अंतरराष्ट्रीय भागीदारी के नए रिकॉर्ड के साथ संपन्न हुआ। 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित पांच दिवसीय ट्रेड शो में करीब 6 लाख लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान ₹6,500 करोड़ के 4,400 समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए, जबकि कारोबारी पूछताछ के आधार पर ₹15,500 करोड़ के संभावित कारोबार का अनुमान लगाया गया।

vDF

फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशंस (FIEO) के आंकड़ों के अनुसार, आयोजन में कुल 41,500 बी2बी बैठकें हुईं। इनमें 13,500 बैठकें रिवर्स बायर-सेलर मीट (RBSM) क्षेत्र में और लगभग 28,000 बैठकें मुख्य प्रदर्शनी क्षेत्र में हुईं। ट्रेड शो में कुल 5,98,693 विजिटर्स और बिजनेस बायर्स पहुंचे। इनमें 1,74,990 घरेलू बिजनेस बायर्स और 4,23,703 सामान्य विजिटर्स शामिल रहे।

पिछले साल के मुकाबले कारोबार में बड़ी बढ़ोतरी

vdfgdf

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप आयोजित यूपीआईटीएस 2026 ने पिछले संस्करण के मुकाबले प्रमुख कारोबारी मानकों पर बेहतर प्रदर्शन किया। वर्ष 2025 में 31,650 बी2बी बैठकें हुई थीं, जो इस साल बढ़कर 41,500 हो गईं। इसमें करीब 31 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

sdvSF

इसी तरह, रिवर्स बायर-सेलर मीट में बैठकों की संख्या 6,050 से बढ़कर 13,500 पहुंच गई, जो 123 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी है। एमओयू की संख्या भी 3,900 से बढ़कर 4,400 हो गई। वहीं, इन समझौतों का अनुमानित मूल्य ₹2,680 करोड़ से बढ़कर ₹6,500 करोड़ हो गया। संभावित कारोबार का आंकड़ा भी ₹12,500 करोड़ से बढ़कर ₹15,500 करोड़ पहुंच गया।

छह देशों की भागीदारी से बढ़ी वैश्विक पहुंच

svfvfd

इस बार यूपीआईटीएस में रूस, ऑस्ट्रिया, जापान, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम सहित छह देशों ने पार्टनर कंट्री के रूप में हिस्सा लिया। पिछले संस्करण में केवल रूस पार्टनर देश था। विदेशी खरीदारों ने उत्तर प्रदेश के मैन्युफैक्चरिंग, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक्सटाइल और एग्री-फूड प्रोसेसिंग क्षेत्रों में रुचि दिखाई।

vSVFS

ट्रेड शो में प्रदेश के 75 जिलों के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने पेश किया गया। इसमें पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा, पीतल के उत्पाद, कालीन, चमड़ा उद्योग और कृषि उत्पाद शामिल रहे। इससे स्थानीय कारीगरों, एमएसएमई और निर्यातकों को विदेशी बाजारों तक पहुंच बनाने का अवसर मिला।

ओडीओसी बना आकर्षण का केंद्र

bDFvbDF

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर आयोजित ट्रेड शो में 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन' (ODOC) प्रमुख आकर्षण रहा। इस पहल के तहत उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय खाद्य उत्पादों को प्रदर्शित किया गया।

vfvDV

सेलिब्रिटी शेफ हरपाल सिंह सोखी सहित अन्य प्रसिद्ध शेफ की मास्टर क्लास और लाइव कुकिंग डेमोंस्ट्रेशन में लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस पहल के जरिए स्थानीय व्यंजनों को बढ़ावा देने के साथ फूड प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, पर्यटन, हॉस्पिटैलिटी और रिटेल जैसे क्षेत्रों में कारोबार की संभावनाओं को भी सामने रखा गया।

अमित शाह ने किया था उद्घाटन, गिरिराज सिंह रहे मुख्य अतिथि

vDFvDFv

यूपीआईटीएस 2026 का उद्घाटन 25 सितंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने किया था। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। आयोजन में उद्योग, निर्यात, एमएसएमई, बुनियादी ढांचे और विनिर्माण क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की प्रगति को प्रस्तुत किया गया।

vGFV

समापन समारोह में केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने उत्तर प्रदेश में सड़कों, एक्सप्रेसवे और आधुनिक कनेक्टिविटी के विस्तार की सराहना की। उन्होंने कहा कि बेहतर बुनियादी ढांचे और उद्योग एवं निर्यात को बढ़ावा देने वाली नीतियों से कारोबार के अवसर बढ़े हैं। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में रोजगार और आर्थिक विकास को गति मिल रही है।

उद्योग और संस्कृति का साझा मंच बना ट्रेड शो

vsdVSF

पांच दिनों के आयोजन में उद्योग और कारोबार से जुड़े करीब 20 नॉलेज सेशन भी आयोजित किए गए। इनमें अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौतों, निर्यात के अवसरों, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग और सेमीकंडक्टर जैसे विषयों पर चर्चा हुई। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने भी आयोजन में भाग लिया।

vsdvSDv

इसके साथ ही लोक संगीत, कथक, भजन, सूफी संगीत और विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक नृत्यों की प्रस्तुतियों ने आयोजन को सांस्कृतिक रंग दिया। विद्यार्थियों ने क्विज, मॉडल यूनाइटेड नेशंस (MUN), कला-संस्कृति गतिविधियों, साइबर सुरक्षा जागरूकता और बैटल ऑफ बैंड्स जैसे कार्यक्रमों में भाग लिया।

vFvSFv

यूपीआईटीएस 2026 ने कारोबार, निवेश, निर्यात, स्थानीय उत्पादों और सांस्कृतिक विरासत को एक मंच पर लाकर उत्तर प्रदेश के उद्यमियों को नए अवसर उपलब्ध कराए। आयोजन को प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।