ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाला यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 व्यापार के साथ कला और संस्कृति का भी मंच बनेगा। पांच दिवसीय आयोजन की हर शाम संगीत, लोकनृत्य, कथक और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजेगी। आयोजन में उत्तर प्रदेश की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विविधता को प्रस्तुत किया जाएगा। देश और प्रदेश के कई कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम की शुरुआत शंख वादन और स्वस्ति वाचन से होगी। इसके अलावा बॉलीवुड सिंगर मोनाली ठाकुर, लोकगीत गायिका मालविका हरिओम, पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्र, भजन गायक ओमप्रकाश दुबे और कोरियोग्राफर श्रीराम सांखला समेत कई कलाकार प्रस्तुति देंगे।
स्थानीय कलाकारों को भी मिलेगा मंच
आयोजकों के मुताबिक, ट्रेड शो को केवल व्यापार और निवेश तक सीमित न रखते हुए प्रदेश की लोककलाओं और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने का मंच भी बनाया गया है। पांच दिनों के सांस्कृतिक कार्यक्रम में अलग-अलग क्षेत्रों की लोक परंपराओं और कलाओं की झलक देखने को मिलेगी।इसमें स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ उत्तर प्रदेश की विभिन्न लोक परंपराओं को भी दर्शाया जाएगा।
पहली शाम की शुरुआत बागपत की रश्मि आर्या के शंख वादन और स्वस्ति वाचन से होगी। इसके बाद लखनऊ की मालविका हरिओम लोकगीत प्रस्तुत करेंगी। मथुरा की सीमा मोरवाल लोकनृत्य और लखनऊ की आकांक्षा श्रीवास्तव कथक नृत्य नाटिका पेश करेंगी। कानपुर/मुंबई की आकांक्षा त्रिपाठी की भजन प्रस्तुति भी होगी।
दूसरी शाम बॉलीवुड सिंगर मोनाली ठाकुर की स्टार नाइट होगी। इसके अलावा पं. चेतन जोशी का वाद्य वृंद, वंदना मिश्रा का लोकगीत गायन, मर्यादा कुलश्रेष्ठ की कथक नृत्य नाटिका और प्रयागराज की पूर्णिमा कुमार का ढेढ़िया नृत्य कार्यक्रम का हिस्सा होगा।
तीसरी शाम पं. रविशंकर उपाध्याय और पं. ऋषिशंकर उपाध्याय का पखावज ट्रायो, रायबरेली की शीलू सिंह राजपूत का आल्हा गायन और झांसी की वंदना कुशवाहा का राई लोकनृत्य होगा।
इसके अलावा नोएडा की प्रियंवदा सिंह कथक और सहारनपुर की रंजना नेब नृत्य नाटिका प्रस्तुत करेंगी। शाम का समापन सर्वत्र बैंड की प्रस्तुति से होगा। चौथी शाम पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्र के सितार वादन के नाम रहेगी। लखनऊ की सबीना सैफी सुगम संगीत प्रस्तुत करेंगी, जबकि नोएडा की निशा केसरी कथक नृत्य पेश करेंगी। पीलीभीत के रजनीश राणा के नेतृत्व में थारू जनजाति नृत्य और बंदा बैरागी बैंड की सूफी प्रस्तुति भी कार्यक्रम में शामिल होगी।
पांचवीं और अंतिम शाम मुंबई के ओमप्रकाश दुबे का भजन गायन, गोरखपुर के राकेश उपाध्याय का लोकगीत गायन और गाजियाबाद की मिताली सैनी की कथक नृत्य नाटिका होगी। इसके साथ ही कोरियोग्राफर श्रीराम सांखला की 'कलर्स ऑफ इंडिया' प्रस्तुति के जरिए भारत की विभिन्न सांस्कृतिक परंपराओं और रंगों को मंच पर दिखाया जाएगा।