उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। प्रदेश के विकास और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों, स्नातकों और प्रबुद्ध वर्ग का योगदान बेहद अहम है। वह बुधवार को लखनऊ में आयोजित भाजपा के शिक्षक एवं स्नातक मतदाता प्रमुख सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

लखनऊ खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन की तैयारियों के तहत आयोजित इस सम्मेलन में आगामी चुनाव की रणनीति, संगठन की मजबूती और जनसंपर्क अभियान पर चर्चा की गई। डिप्टी सीएम ने शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं से संवाद करते हुए कहा कि शिक्षित वर्ग समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
भाजपा को फिर समर्थन की उम्मीद

ब्रजेश पाठक ने कहा कि पिछले चुनाव में शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं ने भाजपा प्रत्याशियों को भारी बहुमत से जीत दिलाकर पार्टी के प्रति अपना विश्वास जताया था। इस बार भी भाजपा इसी विश्वास और समर्थन की उम्मीद लेकर मतदाताओं के बीच पहुंच रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है। इस लक्ष्य को पूरा करने में उत्तर प्रदेश का योगदान निर्णायक रहेगा। प्रदेश में विकास, सुशासन और जनकल्याण के प्रयासों से नए उत्तर प्रदेश का निर्माण हो रहा है। इस विकास यात्रा में शिक्षकों, स्नातकों और प्रबुद्ध वर्ग की भागीदारी जरूरी है।
लखनऊ के विकास कार्यों का किया जिक्र

उपमुख्यमंत्री ने लखनऊ में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह के नेतृत्व में राजधानी में कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को गति मिली है। इन परियोजनाओं से शहर के बुनियादी ढांचे और विकास को नई दिशा मिली है।
मतदाताओं से लगातार संवाद करने की अपील

ब्रजेश पाठक ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आगामी निर्वाचन की तैयारियों को गंभीरता से आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखा जाए और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाए।

उन्होंने लखनऊ खंड शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के दोनों भाजपा प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं का समर्पण और मतदाताओं के साथ निरंतर संवाद चुनावी तैयारियों के महत्वपूर्ण आधार हैं।
सम्मेलन में ये नेता रहे मौजूद

सम्मेलन में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह, महामंत्री संजय राय, प्रदेश मंत्री अवधेश श्रीवास्तव, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नितिन मित्तल, लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, महापौर सुषमा खर्कवाल, क्षेत्रीय महामंत्री एवं संयोजक राजीव मिश्रा, विधान परिषद सदस्य रामचंद्र प्रधान, लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी एवं विधान परिषद सदस्य उमेश द्विवेदी और लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी एवं विधान परिषद सदस्य इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।