उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्टोन क्रशर प्लांट की इमारत गिरने से चार मजदूरों की मौत हो गई। हादसा अहरौरा थाना क्षेत्र के भगवती देई गांव स्थित एसएस रंजन स्टोन प्लांट में हुआ। प्लांट की ऑफिस बिल्डिंग की नींव के पास बना रैंप जमीन में धंस गया, जिसके कारण इमारत अचानक ढह गई। हादसे के वक्त ऑफिस के अंदर चार मजदूर मौजूद थे और सभी मलबे में दब गए।
हादसे में चारों मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान लाल बहादुर (35), अशोक (38), राकेश (28) और दुर्योधन (28) के रूप में हुई है। सभी मजदूर पड़ोसी जिले सोनभद्र के चुर्क-चोपन क्षेत्र के बड़गांव के रहने वाले थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। मलबे को हटाने के लिए भारी मशीनरी की मदद ली गई और घटनास्थल पर तलाशी एवं राहत-बचाव अभियान चलाया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद डिविजनल कमिश्नर राजेश प्रकाश ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को हादसे की जांच करने और घटना के कारणों का पता लगाने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।