Breaking News

नेपाल में अचानक आई बाढ़ से तबाही, गोरखा में 35 मकान बहे, कई पुल टूटे     |   अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को छोड़ा गया     |   यूट्यूबर ध्रुव राठी देर रात 3 बजे रिहा, जंतर-मंतर आने की कोशिश पर फिर कार्रवाई करेगी पुलिस     |   'सबके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास हो', PM मोदी ने दी नवरात्रि की बधाई     |   गाजियाबाद में मुठभेड़, 50 हजार का इनामी अंतरराज्यीय वाहन चोर फरमान गिरफ्तार     |  

दशहरा-दीपावली पर यूपी में सफाई और सुरक्षा की खास तैयारी, निर्बाध बिजली आपूर्ति के निर्देश

उत्तर प्रदेश में दशहरा, दीपावली और अन्य त्योहारों को देखते हुए योगी सरकार ने साफ-सफाई, सुरक्षा और बेहतर नगरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

मंत्री ने प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में साफ-सफाई, सड़कों की मरम्मत, जल निकासी, कूड़ा निस्तारण, फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव कराने को कहा है। इसके साथ ही सड़कों को गड्ढामुक्त करने और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मंदिरों, पूजा पंडालों और मूर्ति विसर्जन मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। नगर आयुक्तों को त्योहारों की तैयारियों की नियमित निगरानी करने और व्यवस्थाओं को समय पर पूरा कराने के लिए कहा गया है।

बिजली आपूर्ति और विद्युत सुरक्षा पर जोर

त्योहारों के दौरान बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ विद्युत दुर्घटनाओं को रोकने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को पूजा पंडालों का निरीक्षण कर बिजली से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच करने के निर्देश दिए हैं।

जुलूस और शोभायात्राओं के मार्गों पर बिजली के तारों का सर्वेक्षण कराया जाएगा। ढीले या नीचे लटके तारों को तत्काल ठीक करने और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने को कहा गया है, ताकि त्योहारों के दौरान किसी तरह की दुर्घटना न हो।

रात में भी होगी बिजली व्यवस्था की निगरानी

ऊर्जा मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि त्योहारों के दौरान रात में भी बिजली आपूर्ति पर विशेष निगरानी रखी जाए। किसी भी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होने पर समय से कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।

इसके अलावा बिजली व्यवस्था के संचालन और रखरखाव को बेहतर बनाने के लिए अनुभवी संविदा कर्मियों को दोबारा सेवा में रखने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

साफ-सफाई और रोशनी से बेहतर होंगी नगरीय सुविधाएं

योगी सरकार का जोर त्योहारों के दौरान शहरों और कस्बों में स्वच्छता, रोशनी और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर है। इसके लिए नगरीय निकायों को सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने, जलभराव रोकने, कूड़े का समय से निस्तारण करने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

इन तैयारियों का उद्देश्य दशहरा और दीपावली के दौरान प्रदेशवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराना है।