Breaking News

कर्नाटक में कांग्रेस को झटका, विधायक यशवंत रायगौड़ा पाटिल ने दिया इस्तीफा     |   पंजाब सरकार का कर्मचारियों को बड़ा तोहफा, DA में 8 फीसदी बढ़ोतरी, अब 50% मिलेगा भत्ता     |   बिहार में 1799 दारोगा पदों की भर्ती परीक्षा रद्द, अभ्यर्थियों की मांग के बाद फैसला     |   स्मृति ईरानी को हरियाणा-छत्तीसगढ़ का जिम्मा     |   बिहार में बाढ़ का कहर, प्रभावित लोगों की संख्या 50 लाख के पार     |  

यूपी के 1.16 लाख से ज्यादा गरीब परिवारों को पक्के घर के लिए दूसरी किश्त जारी

उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के 1,16,667 गरीब परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत पक्के घर के निर्माण के लिए दूसरी किश्त जारी की गई है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लाभार्थियों के लिए 816.6690 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त की। यह राशि अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और सामान्य वर्ग समेत पात्र लाभार्थियों को आवास निर्माण का काम आगे बढ़ाने के लिए दी गई है।

गरीब परिवारों को पक्का घर देने पर जोर

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के जरिए सरकार का संकल्प है कि कोई भी गरीब परिवार और कोई मां कच्चे घर में रहने के लिए मजबूर न हो। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और पक्का आवास उपलब्ध कराना सम्मानजनक जीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने बताया कि ग्राम्य विकास विभाग योजनाओं की लगातार निगरानी कर रहा है, ताकि पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

समय पर खातों में पहुंचे धनराशि

केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवास निर्माण में पात्र लाभार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो। साथ ही, शासन की ओर से निर्धारित धनराशि समय से लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के जरिए जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने का काम किया जा रहा है।

गांवों के विकास से प्रदेश के विकास पर जोर

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों का विकास तेज होने से उत्तर प्रदेश का विकास होगा और उत्तर प्रदेश के विकास से विकसित भारत के संकल्प को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य सिर्फ गरीब परिवारों को आवास देना नहीं, बल्कि उन्हें सम्मान, सुरक्षा और बेहतर जीवन के लिए मजबूत आधार देना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के माध्यम से गांवों में सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण को भी गति मिल रही है।