मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर उत्तर प्रदेश के युवाओं को बड़ी सौगात दी। शनिवार को लखनऊ के लोकभवन में उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश के सभी 75 जिलों में सरदार पटेल स्किल एंड एम्प्लॉयमेंट जोन विकसित किए जाएंगे। पहले चरण में गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर, झांसी और गौतमबुद्धनगर में इन केंद्रों की स्थापना की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इन केंद्रों पर युवाओं का पंजीकरण, उनकी रुचि और योग्यता के अनुसार कौशल प्रशिक्षण तथा रोजगार की व्यवस्था एक ही छत के नीचे होगी। विदेशों में नौकरी करने के इच्छुक युवाओं को संबंधित देश की भाषा और जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार मिल सके।
पहले पांच जिलों में शुरुआत, फिर सभी 18 मंडलों तक विस्तार
सीएम योगी ने कहा कि योजना के पहले चरण में पांच जिलों को शामिल किया गया है। इसके बाद सभी 18 मंडल मुख्यालयों और फिर प्रदेश के सभी 75 जिलों में केंद्र विकसित किए जाएंगे। मंडल मुख्यालयों के लिए धनराशि की व्यवस्था पहले ही की जा चुकी है। जमीन उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य शुरू होगा।
उन्होंने बताया कि गौतमबुद्धनगर में यमुना प्राधिकरण और गोरखपुर में गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण इस पहल से जुड़ रहे हैं। टाटा जैसी संस्थाएं भी योजना में सहयोग कर रही हैं। इन केंद्रों पर हाईस्कूल पास युवाओं से लेकर अन्य नौकरी के इच्छुक लोगों का पंजीकरण कर उनकी क्षमता के अनुसार प्रशिक्षण और प्लेसमेंट की व्यवस्था की जाएगी।
टाटा और अशोक लीलैंड समेत कई संस्थाओं से हुआ समझौता
मुख्यमंत्री ने बताया कि युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण देने के लिए टाटा इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ स्किल्स, अशोक लीलैंड, बीबीसी ग्रुप, पीटीसी, सीआईपैट, एशियन डेवलपमेंट बैंक, मिंडा और अवाडा जैसी संस्थाओं के साथ समझौते किए गए हैं। इन संस्थाओं की तकनीक और अनुभव का लाभ युवाओं को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि फूड प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों में भी रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। दूध से घी, मक्खन, पनीर और छाछ जैसे उत्पाद तैयार करने के साथ फल-सब्जियों की प्रोसेसिंग और पैकेजिंग से किसानों की आय बढ़ाई जा सकती है।
सीएम युवा योजना से मिलेगा स्वरोजगार का अवसर
सीएम योगी ने कहा कि सरकार युवाओं को नौकरी के साथ स्वरोजगार के अवसर भी उपलब्ध करा रही है। सीएम युवा योजना के तहत पांच लाख रुपये तक की ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त सहायता दी जा रही है। इसके अलावा प्रधानमंत्री मुद्रा योजना भी युवाओं के लिए मददगार साबित हो रही है।
उन्होंने कहा कि युवा कॉलेज की पढ़ाई के साथ कौशल प्रशिक्षण भी प्राप्त कर सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक साथ दो डिग्री या पाठ्यक्रमों से जुड़ने की व्यवस्था की है। युवाओं को पढ़ाई के साथ प्रतिदिन कुछ घंटे कौशल विकास के लिए भी निकालने चाहिए।
स्केल के साथ स्किल जुड़ेगी तो रोजगार और प्रगति बढ़ेगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के पास दुनिया की सबसे युवा आबादी है और उत्तर प्रदेश में देश की सबसे बड़ी युवा आबादी रहती है। पिछली सरकारें युवाओं को बोझ मानती थीं, जबकि उनकी सरकार युवा शक्ति को देश की सबसे बड़ी उपलब्धि मानती है।
उन्होंने कहा कि स्केल को स्किल से जोड़ना जरूरी है। यदि स्केल हो लेकिन स्किल न हो तो विकास की गति दुर्गति में बदल जाती है। वहीं, स्केल के साथ स्किल जुड़ने पर यही गति प्रगति में बदल जाती है।
पहले हर जिले में माफिया पाले जाते थे, अब युवाओं को मिल रहे रोजगार
सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश बीमारू नहीं था, बल्कि पिछली सरकारों की मानसिकता बीमारू थी। पहले हर जिले में माफिया पाले जाते थे, जो युवाओं की नौकरियों और रोजगार पर कब्जा कर लेते थे। युवाओं को मजबूर होकर दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की और प्रदेश के उत्पादों को नई पहचान दिलाई। पिछले साढ़े नौ वर्षों में साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। वहीं, एक जिला-एक उत्पाद (ODOP) योजना के माध्यम से 3.25 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिला है।
अब गरीबों के खाते में सीधे पहुंचता है पूरा पैसा
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और सपा पर गरीबों के पैसे में बंदरबांट करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले केंद्र से भेजे जाने वाले 100 रुपये में गरीब तक केवल 15 रुपये पहुंचने की बात कही जाती थी। बाकी पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता था।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनधन खातों और डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से इस व्यवस्था को बदला है। अब सरकार की ओर से भेजे गए पूरे 100 रुपये सीधे लाभार्थी के खाते में पहुंचते हैं। उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल में टेलीफोन और रसोई गैस कनेक्शन के लिए होने वाली परेशानियों का भी जिक्र किया।
फ्रेजाइल फाइव से दुनिया की टॉप पांच अर्थव्यवस्थाओं में पहुंचा भारत
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय भारत की गिनती दुनिया की कमजोर अर्थव्यवस्थाओं में होती थी और देश को फ्रेजाइल फाइव में शामिल किया जाता था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज दुनिया की पांच बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।
उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने 563 से अधिक रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। गुजरात के केवड़िया में स्थापित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी उनके विराट व्यक्तित्व का प्रतीक है।
सीएम योगी ने कहा कि हमारी जाति, प्रांत, मत, संप्रदाय, रंग, रूप, बोली और भाषा अलग हो सकती है, लेकिन हमारा भाव एक है। यही भावना 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' और विकसित भारत के संकल्प का आधार है।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी, नंद गोपाल गुप्ता नंदी और अनिल राजभर समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, उद्योगपति और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।