Breaking News

ईरान-US-इजरायल युद्ध: फ्रांस लाल सागर में 2 जंगी जहाज भेजेगा- राष्ट्रपति मैक्रों     |   महाराष्ट्र: अंबरनाथ में गणेश केमिकल कंपनी में भीषण आग, किसी के हताहत की खबर नहीं     |   लोकसभा स्पीकर हटाने के प्रस्ताव पर BJP से अमित शाह-किरेन रिजीजू समेत 8 नेता बोलेंगे     |   पश्चिमी एशिया युद्ध से अर्थव्यवस्था को नुकसान, LPG की कीमतें बढ़ीं: राहुल गांधी     |   समाजवादी पार्टी असम विधानसभा चुनाव में पांच सीटों पर इलेक्शन लड़ेगी     |  

UP: सपा अध्यक्ष ने 24 घंटे के सत्र के दौरान ‘सोते मंत्री’ का उड़ाया मजाक, स्वतंत्र देव सिंह ने किया पलटवार

Uttar Pradesh: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा के 24 घंटे के विशेष सत्र को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा और सरकार पर बेहतर शासन के बजाय ‘इवेंट मैनेजमेंट’ में लिप्त रहने का आरोप लगाया।

विधानसभा में रात भर चली चर्चा के दौरान विधानसभा भवन के अंदर से एसपी विधायकों की एक ‘सेल्फी’ पोस्ट करते हुए, अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘सोती रही सरकार, जागता रहा विपक्ष। बीजेपी ने 24 घंटे का सदन चलाकर साबित कर दिया है कि वो प्रदेश चलाने में कितना पिछड़ गये हैं, इसीलिए 24 घंटे काम करने की बात कर रहे हैं। बीजेपी सरकार बताए कि उसके मुखिया से लेकर मंत्री और कितने विधायक 24 घंटे उपस्थित रहे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जनता 24 घंटे सदन चलाने के पीछे का तर्क पूछ रही है। दिन घटा के और घंटे बढ़ाकर सरकार क्या हासिल करना चाहती है। बीजेपी कम-से-कम सदन को तो अपनी ‘इवेंटबाजी’ से दूर ही रखे।’’अखिलेश यादव ने पूछा कि रात भर जागकर भाजपाई खुद को क्या साबित करना चाहते हैं?

एक अन्य पोस्ट में अखिलेश यादव ने एक छोटा वीडियो क्लिप साझा किया, जिसमें जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह सत्र के दौरान कथित तौर पर आंखें बंद किए हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने इस वीडियो के साथ ‘कैप्शन’ में लिखा है: ‘‘सोती सरकार के सोते मंत्री।’’ अखिलेश यादव की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए, स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि राजनीति में इस तरह के हमले आम बात हैं और विपक्ष की भूमिका का हिस्सा हैं।

विधानसभा भवन के बाहर माडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, ‘‘विपक्ष को सरकार पर हमला करने का अपना काम करते रहना चाहिए। यह उनका कर्तव्य है। मेरा कर्तव्य 24 घंटे गरीबों की सेवा करना है और मैं उनके कल्याण के लिए पूरी लगन और ईमानदारी से यह काम करता हूं।’’

कानून-व्यवस्था में पक्षपात और खामियों के आरोपों पर उन्होंने जोर देकर कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार बिना किसी भेदभाव के न्याय के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में, दोषी पाए जाने पर कानून अपना काम करता है। कोई दबाव या पक्षपात नहीं है। जो भी कानून के दायरे में आता है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाती है।’’