
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के सभी आठ प्रत्याशियों ने मंगलवार को नामांकन दाखिल किया। नामांकन के आखिरी दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में भाजपा प्रत्याशियों ने विधान भवन में अपना पर्चा दाखिल किया।

भाजपा की ओर से धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, रामप्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दीं।

नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे।

इसके साथ ही योगी सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना, राकेश सचान, आशीष पटेल, डॉ. संजय निषाद, कपिलदेव अग्रवाल, जेपीएस राठौर, दिनेश प्रताप सिंह, गिरीश चंद्र यादव, ब्रजेश सिंह, सतीश चंद्र शर्मा, रजनी तिवारी और बलदेव सिंह औलख समेत कई वरिष्ठ नेता और मंत्री भी नामांकन कार्यक्रम में शामिल हुए।

भाजपा ने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए कुल आठ प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है। सभी प्रत्याशियों के नामांकन के साथ प्रदेश में राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया अब अगले चरण में पहुंच गई है।
