Breaking News

पंजाब: दो मौजूदा और एक पूर्व विधायक आज बीजेपी में होंगे शामिल     |   UP के कुशीनगर में कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर, 5 की मौत     |   'मेरे खिलाफ ED के इस्तेमाल का दबाव', प्रियंक खड़गे का केंद्र पर आरोप     |   MP: देवास में अवैध शराब से भरे ट्रक ने थाना प्रभारी दिलीप पुरी को कुचला     |   लिफ्ट देने के बहाने गाड़ी में बैठाकर लूटते थे, नोएडा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 4 बदमाशों को दबोचा, 2 को लगी गोली     |  

दीपोत्सव पर सरयू तट पर 2,147 अर्चक करेंगे महाआरती, 30 लाख दीयों से जगमगाएगी रामनगरी

अयोध्या में दीपोत्सव-2026 को भव्य और यादगार बनाने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सात नवंबर को आयोजित होने वाले दीपोत्सव के दसवें संस्करण में सरयू तट पर 2,147 अर्चक एक साथ सामूहिक महाआरती करेंगे। लक्ष्मण किला घाट से नया घाट और राम की पैड़ी तक होने वाली यह महाआरती शाम करीब 5:20 से 5:50 बजे तक चलेगी। आयोजन के लिए सरयू नदी के 56 घाटों को विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है। इस दौरान करीब 30 लाख दीयों से रामनगरी को रोशन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाला यह दीपोत्सव हर साल नए आयाम स्थापित कर रहा है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि वर्ष 2017 में 1.71 लाख दीयों के प्रज्ज्वलन से शुरू हुआ यह आयोजन अब अपने दसवें संस्करण में पहुंच गया है। जनभागीदारी और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़कर दीपोत्सव ने देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है।

तीन साल में दोगुनी हुई सरयू महाआरती में अर्चकों की संख्या

मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि दीपोत्सव में सरयू तट पर होने वाली सामूहिक महाआरती प्रमुख आकर्षण रहेगी। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच हजारों दीपों से जगमगाते घाट श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव कराएंगे।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में 1,121 अर्चकों ने सामूहिक आरती की थी। वर्ष 2025 में इनकी संख्या बढ़कर 2,128 हो गई। इस बार 2,147 अर्चक एक साथ सरयू की महाआरती करेंगे। पिछले वर्ष 2,128 अर्चकों और वेदाचार्यों ने सामूहिक सरयू आरती कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया था।

30 लाख दीयों से जगमगाएगी रामनगरी

दीपोत्सव के दसवें संस्करण में इस बार करीब 30 लाख दीये जलाकर अयोध्या को रोशन करने की तैयारी है। पिछले वर्ष 26 लाख से अधिक दीयों के प्रज्ज्वलन से नया विश्व कीर्तिमान बना था।

इस बार 56 घाटों पर दीप सज्जा के साथ सामूहिक सरयू आरती, अंतरराष्ट्रीय रामलीला और आधुनिक तकनीक से सजे कार्यक्रम आयोजित होंगे। 2,100 ड्रोन के जरिए आसमान में रामायण के प्रसंगों का भव्य प्रदर्शन भी किया जाएगा।

वैश्विक मंच पर बढ़ रही दीपोत्सव की पहचान

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि दीपोत्सव हर साल नए आयाम स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में यह आयोजन अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को नई पहचान दे रहा है।

वहीं, पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने कहा कि दीपोत्सव अयोध्या की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और जनभागीदारी का प्रतीक बन चुका है। हर वर्ष इस आयोजन का विस्तार प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर नई ऊंचाई दे रहा है।

उन्होंने कहा कि इस बार भी दीपों की भव्य सज्जा, सामूहिक सरयू आरती और आधुनिक तकनीक के समन्वय से दीपोत्सव को यादगार बनाया जाएगा। सरकार का प्रयास है कि अयोध्या आने वाले श्रद्धालु यहां की आध्यात्मिक परंपरा और सांस्कृतिक वैभव का विशेष अनुभव लेकर लौटें।