Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

निर्माण में देरी, नोएडा हवाई अड्डे से अगले साल अप्रैल तक फ्लाइट होंगी शुरू

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के अप्रैल, 2025 तक उड़ान सेवा शुरू करने की उम्मीद है। इससे पहले निर्माण में देरी के कारण सितंबर, 2024 की समय सीमा चूक गई थी। हाल ही में दिल्ली से लगभग 75 किलोमीटर दूर उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के जेवर इलाके में बन रहे अत्याधुनिक हवाई अड्डे के निर्माण कार्यों में देरी की खबरें आई थीं। हवाई अड्डे के सितंबर, 2024 तक उड़ान संचालन शुरू करने की योजना थी। 

हवाई अड्डे ने सोमवार को बयान में कहा, ‘‘मौजूदा निर्माण स्थिति को देखते हुए हमें अप्रैल, 2025 के अंत तक कमर्शियल संचालन शुरू करने की उम्मीद है।’’ बयान में आगे कहा गया, ‘‘हम अपने ईपीसी (इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण) ठेकेदार टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड और दूसरे हितधारकों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं, ताकि निर्माण गतिविधियों की गति और परिचालन की तैयारी को तेज रखा जा सके।’’ 

हवाई अड्डे ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से फ्लाइट के लिए कई एयरलाइन कंपनियों के साथ समझौते किए गए हैं। हवाई अड्डे ने ये भी कहा कि निर्माण कार्य उन्नत चरणों में है। बयान के मुताबिक, ‘‘नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर निर्माण और विकास कार्य अग्रिम चरण में है और हम परिचालन तत्परता की राह में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। ये एक बड़ी और जटिल परियोजना है, और निर्माण गतिविधियों के अगले कुछ सप्ताह अहम हैं।’’ 

बयान में कहा गया है कि रनवे, यात्री टर्मिनल और कंट्रोल टावर पर काम काफी आगे बढ़ चुका है और हाल ही में ग्राउंड हैंडलिंग, कमर्शियल सेक्टर के संचालन और अहम रखरखाव अनुबंधों के लिए रियायतें दी गई हैं। माना जा रहा है कि इस परियोजना के पूरा होने पर ये भारत का सबसे बड़ा हवाई अड्डा होगा। हवाई अड्डे को चार चरणों में 5,000 हेक्टेयर से ज्यादा इलाके में विकसित किया जाएगा।