उत्तर प्रदेश में होमगार्ड बल को मजबूत करने की दिशा में बड़ी प्रक्रिया पूरी हो गई है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 के 41,424 पदों का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है। चयनित अभ्यर्थियों की जनपदवार सूची बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर उपलब्ध है।
इन पदों के लिए बोर्ड ने 18 नवंबर 2025 को विज्ञप्ति जारी कर ऑनलाइन आवेदन मांगे थे। प्रदेश के विभिन्न जिलों की रिक्तियों के लिए कुल 25,32,196 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। चयन प्रक्रिया लिखित परीक्षा, दस्तावेज जांच, शारीरिक मानक परीक्षण और शारीरिक दक्षता परीक्षा के कई चरणों के बाद पूरी हुई।
74 जिलों में छह पालियों में हुई लिखित परीक्षा
होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को प्रदेश के 74 जिलों में आयोजित की गई। परीक्षा छह पालियों में हुई। अलग-अलग पालियों में परीक्षा होने के कारण नियमों के अनुसार अभ्यर्थियों के अंकों का नॉर्मलाइजेशन किया गया। इसके बाद आवेदन के समय दी गई अधिमानी योग्यताओं से जुड़े दस्तावेजों के निर्धारित अंक भी जोड़े गए। इन अंकों के आधार पर अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चुना गया।
1.07 लाख अभ्यर्थी पहुंचे अगले चरण में
बोर्ड ने 28 जून 2026 को जारी सूचना के जरिए 1,07,221 अभ्यर्थियों को दस्तावेजों की जांच और शारीरिक मानक परीक्षण के लिए बुलाया। यह संख्या कुल विज्ञापित पदों की करीब 2.6 गुना थी। दस्तावेज जांच और शारीरिक मानक परीक्षण की प्रक्रिया 13 जुलाई से 7 अगस्त 2026 तक पूरी की गई। इसमें अभ्यर्थियों के जरूरी दस्तावेजों के साथ निर्धारित शारीरिक मानकों की भी जांच की गई।
सितंबर में हुई शारीरिक दक्षता परीक्षा
दस्तावेज जांच और शारीरिक मानक परीक्षण में सफल अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल किया गया। यह परीक्षा 15 से 26 सितंबर 2026 तक आयोजित हुई। इसमें सफल अभ्यर्थियों को अंतिम चयन प्रक्रिया में शामिल किया गया।
जनपदवार मेरिट के आधार पर चयन
अंतिम चयन के लिए लिखित परीक्षा के नॉर्मलाइज्ड स्कोर और अधिमानी योग्यता के निर्धारित अंकों को जोड़ा गया। इसके बाद प्रदेश में लागू आरक्षण नियमों के अनुसार जनपदवार मेरिट तैयार की गई।
इसी मेरिट के आधार पर 41,424 पदों के लिए 41,424 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। चयनित अभ्यर्थी अपना परिणाम और जनपदवार सूची UPPRPB की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर देख सकते हैं।
समान अंक होने पर ऐसे तय हुई वरीयता
बोर्ड के अनुसार, 3 नवंबर 2025 के शासनादेश में निर्धारित उत्तर प्रदेश राज्य होमगार्ड्स एनरोलमेंट मार्गदर्शिका के तहत समान अंक पाने वाले अभ्यर्थियों की श्रेष्ठता भी नियमों के अनुसार तय की गई। ऐसी स्थिति में अधिक आयु वाले अभ्यर्थी को वरीयता दी गई। अगर आयु भी समान रही तो हाईस्कूल प्रमाणपत्र में दर्ज नाम के अंग्रेजी वर्णमाला क्रम को आधार बनाया गया। इस तरह प्रदेश के 75 जनपदों में 41,424 रिक्त पदों के सापेक्ष सभी 41,424 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया है।