Breaking News

प्रयागराज में कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा नदी में डुबकी     |   महाराष्ट्र में अज्ञात व्यक्ति ने दुरंतो एक्सप्रेस के A2 कोच पर पत्थर फेंके     |   दिल्ली में अक्षरधाम मंदिर के आसपास AQI 201 दर्ज     |   काशी में मनाई जाएगी देव दीपावली, गंगा घाट 11 लाख दीयों से जगमगाएंगे     |   कांग्रेस और सपा के बीच सीट शेयरिंग पर होगी दूसरे दौर की वार्ता     |  

Dev Deepawali: मोबाइल सुनाएगा काशी के 84 घाटों की कहानी, 15 भाषाओं में मिलेगी जानकारी; अब गाइड की जरूरत नहीं

काशी के गंगा घाटों का इतिहास और उनसे जुड़ी धार्मिक-सांस्कृतिक कहानियां जानना अब पर्यटकों के लिए आसान होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पर्यटन को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है। इसी पहल के तहत उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने वाराणसी के 84 घाटों के लिए जीपीएस आधारित डिजिटल ऑडियो टूर तैयार किया है।

‘वाराणसी 84 घाट्स ऑडियोबुक ऑडियो टूर’ के माध्यम से पर्यटक बिना किसी गाइड के घाटों की सैर कर सकेंगे। इस सुविधा में घाटों से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं, धार्मिक मान्यताओं और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी ऑडियो के जरिए सुनाई जाएगी। यह सुविधा यूपी टूरिज्म के आधिकारिक मोबाइल एप और वेबसाइट पर उपलब्ध है।

हर घाट की जानकारी सुनने का मिलेगा अलग अनुभव

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस डिजिटल टूर में काशी के सभी 84 घाटों के लिए अलग-अलग ऑडियो तैयार किए गए हैं। हर घाट की अपनी कहानी और पहचान है, जिसे पर्यटक सुनकर समझ सकेंगे।

लोग अपनी सुविधा के अनुसार पैदल घाटों पर घूमते हुए या नाव से गंगा की सैर के दौरान ऑडियो सुन सकते हैं। पैदल भ्रमण करने वालों को घाट पर पहुंचते ही उससे जुड़ी जानकारी मिलेगी। वहीं, नाव से यात्रा करने वाले पर्यटक भी गंगा किनारे मौजूद घाटों के इतिहास और उनसे जुड़ी मान्यताओं को जान सकेंगे।

घाट पर पहुंचते ही मोबाइल में शुरू होगा ऑडियो

इस डिजिटल सुविधा में जीपीएस तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। पर्यटक जैसे ही किसी घाट के निर्धारित स्थान पर पहुंचेंगे, मोबाइल एप उनकी लोकेशन पहचानकर उस घाट से जुड़ा ऑडियो चलाना शुरू कर देगा।

स्थान से दूर जाने पर ऑडियो रुक सकता है और दोबारा उसी जगह पहुंचने पर फिर शुरू हो सकता है। पर्यटक चाहें तो एप पर अपनी पसंद का घाट चुनकर भी उसकी कहानी सुन सकते हैं। इससे काशी घूमने के दौरान मोबाइल ही डिजिटल गाइड की तरह काम करेगा।

फोटो, विवरण और मैप भी होंगे उपलब्ध

ऑडियो के साथ घाटों की तस्वीरें, लिखित जानकारी और इंटरैक्टिव मैप भी दिए जाएंगे। पर्यटक अपनी जरूरत के अनुसार ऑडियो को रोक सकते हैं, दोबारा चला सकते हैं या अगले घाट की जानकारी सुन सकते हैं।

एप पर पहले देखे गए घाटों का रिकॉर्ड भी सुरक्षित रहेगा। यदि कोई पर्यटक बीच में भ्रमण रोक देता है, तो अगली बार वह उसी जगह से ऑडियो टूर जारी कर सकेगा, जहां उसने पिछली बार छोड़ा था।

हिंदी और अंग्रेजी सहित 15 भाषाओं में सुविधा

देश और विदेश से आने वाले पर्यटकों को ध्यान में रखते हुए इस ऑडियो टूर को 15 भाषाओं में तैयार किया गया है। इनमें हिंदी, अंग्रेजी, मराठी, तमिल, तेलुगु, गुजराती, कन्नड़, ओड़िया, मलयालम, उर्दू, फ्रेंच, जर्मन, स्पेनिश, जापानी और कोरियाई भाषा शामिल हैं।

पैदल घूमने और नाव से यात्रा करने वाले पर्यटक दोनों ही विकल्पों में इन भाषाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे। इससे अलग-अलग भाषा बोलने वाले लोग भी काशी के घाटों की विरासत को आसानी से समझ पाएंगे।

इंटरनेट के बिना भी सुन सकेंगे कहानियां

ऑडियो टूर को पहले से डाउनलोड करने की सुविधा भी दी गई है। इससे पर्यटक घाटों पर घूमते समय बिना लगातार इंटरनेट कनेक्शन के जानकारी सुन सकेंगे।

इस सुविधा का इस्तेमाल वाराणसी से बाहर रहकर भी किया जा सकता है। देश या विदेश में मौजूद लोग भी काशी के 84 घाटों की कहानियां सुनकर यहां की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से परिचित हो सकेंगे।

यूपी टूरिज्म एप और वेबसाइट पर मिलेगी सुविधा

डिजिटल ऑडियो टूर का इस्तेमाल करने के लिए पर्यटकों को अपने एंड्रॉयड या आईओएस मोबाइल पर यूपी टूरिज्म का आधिकारिक एप खोलना होगा। इसके बाद ‘वाराणसी 84 घाट्स ऑडियोबुक ऑडियो टूर’ विकल्प चुनकर पसंदीदा भाषा और पैदल भ्रमण या नाव यात्रा का तरीका तय करना होगा।

घाट पर पहुंचने के बाद जीपीएस आधारित ऑडियो सुनने के लिए ‘स्टार्ट टूर एट लोकेशन’ विकल्प चुनना होगा। वहीं, पहले से डाउनलोड किए गए ऑडियो को ऑफलाइन सुनने या वाराणसी से बाहर रहकर टूर का अनुभव लेने के लिए ‘इनेबल ऑफलाइन/रिमोट टूर’ विकल्प उपलब्ध है। यह सुविधा यूपी टूरिज्म की आधिकारिक वेबसाइट पर भी मिलेगी। इसके लिए पर्यटकों को किसी अकाउंट में लॉगिन करने या नया खाता बनाने की जरूरत नहीं होगी।