मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अयोध्या दौरे के दौरान ‘आंगनबाड़ी की आवाज-स्वस्थ बच्चा, शिक्षित समाज’ कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मेधावी बच्चों और पोषण, शिक्षा व महिला कल्याण के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाली अधीक्षिकाओं को सम्मानित किया।मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। साथ ही बढ़े हुए मानदेय के चेक भी वितरित किए। इस दौरान प्रदेश की 2,51,162 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए साड़ी खरीदने को डीबीटी के जरिए 29.11 करोड़ रुपये की धनराशि ट्रांसफर की गई।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘नवीन टेक होम राशन (टीएचआर)’ पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया। बढ़े हुए मानदेय के चेक का वितरण प्रतीकात्मक रूप से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुनीता पांडेय और आंगनबाड़ी सहायिका सोनी साहू को किया गया। मुख्यमंत्री योगी ने प्रतीक स्वरूप ममता पांडेय, नीलम यादव, अर्चना मिश्रा और सोनी साहू को साड़ी प्रदान की। नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं ज्योति निषाद और अमृता निषाद को मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र सौंपे।
कार्यक्रम में अति कुपोषित श्रेणी से सामान्य पोषण स्थिति में आए बच्चों और उनसे जुड़ी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया। इनमें अनाया, परी कन्नौजिया और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मिथलेश कुमारी शामिल रहीं। महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित संवासिनी गृह में रहने वाले बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। मोहिनी पाल ने इंटरमीडिएट में 82.02 प्रतिशत, भाविनी शर्मा ने हाईस्कूल में 89.16 प्रतिशत और देवेश यादव ने हाईस्कूल में 77 प्रतिशत अंक हासिल किए। तीनों को प्रशस्ति पत्र और बैग देकर सम्मानित किया गया।
महिला कल्याण विभाग में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राजकीय बाल गृह बालिका, लखनऊ की अधीक्षिका सफलता और राजकीय बाल गृह बालिका, प्रयागराज की पर्यवेक्षक नीतू सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत माउंट एवरेस्ट बेस कैंप का सफल अभियान पूरा करने वाली नीलांशु, प्रियंका उपाध्याय और प्रियंका प्रजापति को भी प्रशस्ति पत्र और बैग देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आईआरएफसी, नई दिल्ली के चीफ जनरल मैनेजर श्वेतकेतु मिश्रा और अवनीश प्रकाश ने सीएसआर के तहत 2 करोड़ रुपये की मदद से अयोध्या के 1,250 आंगनबाड़ी केंद्रों को प्री-स्कूल किट उपलब्ध कराई। वहीं, भारत केयर्स के सीईओ भोमिक शाह ने 5 हजार छात्राओं को स्कॉलरशिप देने और ‘जगमग अयोध्या’ कार्यक्रम के क्रियान्वयन में सहयोग किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोनों संस्थाओं से जुड़े प्रतिनिधियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।