Breaking News

नेपाल के NDRRMA ने भोटेकोशी नदी में बाढ़ की स्थिति को लेकर हाई अलर्ट जारी किया     |   चीन: शी जिनपिंग ने तिब्बत में भूस्खलन के बाद राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की     |   नेपाल बाढ़: प्रधानमंत्री और मंत्रियों की एक महीने की सैलरी आपदा कोष में जमा होगी     |   नेपाल से आई बड़ी खुशखबरी! त्रिशूली हाइड्रो प्रोजेक्ट साइट से रेस्क्यू किए गए 350 मजदूर     |   नेपाल में त्रिशूली हाइड्रोपावर टनल में फंसे 350 मजदूरों का रेस्क्यू, कई भारतीय भी शामिल     |  

नेपाल में बाढ़ के बाद उत्तराखंड के चंपावत में अलर्ट, शारदा बैराज पर बढ़ी निगरानी

नेपाल में बुधवार को आई भीषण बाढ़ के मद्देनजर उत्तराखंड के सीमावर्ती जिले चंपावत में सतर्कता बढ़ा दी गई है। राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टनकपुर चौकी को हाई अलर्ट पर रखा गया है और लोगों से शारदा नदी के तटों से दूर रहने की अपील की गई है। नेपाल में आई आपदा को देखते हुए एसडीआरएफ के सेनानायक (कमांडेंट) अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर चंपावत जिले की टनकपुर चौकी को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

एसडीआरएफ की टनकपुर टीम शारदा नदी के संवेदनशील तटीय क्षेत्रों, शारदा घाट, शारदा बैराज और आसपास के इलाकों में लगातार निगरानी एवं गश्त कर रही है। टीम नदी के जलस्तर और संभावित खतरे पर लगातार नजर रख रही है तथा स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाए हुए है।
एसडीआरएफ की टीम ने शारदा घाट और निचले इलाकों में पहुंचकर स्थानीय निवासियों, यात्रियों और मछुआरों को नदी के जलस्तर में संभावित वृद्धि के प्रति जागरूक किया।

लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी स्थिति में अनावश्यक रूप से नदी के तटीय क्षेत्रों के पास न जाएं और प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। एसडीआरएफ की टीम आवश्यक जीवनरक्षक और बचाव उपकरणों के साथ 24 घंटे पूरी तरह मुस्तैद है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। चंपावत जिला प्रशासन ने भी सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने और आपसी समन्वय बनाए रखते हुए शारदा नदी के जलस्तर तथा संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।