ग्रेटर नोएडा में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) में आकर्षण का केंद्र बनने के बाद योगी सरकार की पहल ‘एक जनपद एक व्यंजन’ (ODOC) अब राष्ट्रीय मंच पर पहुंचने जा रही है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में 14 से 27 नवंबर 2026 तक होने वाले 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 में पहली बार ODOC का स्टॉल लगाया जाएगा।
इस स्टॉल के जरिए ‘एक जनपद एक उत्पाद’ (ODOP) के साथ उत्तर प्रदेश के स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक व्यंजनों और समृद्ध पाक विरासत को देश-दुनिया के सामने पेश किया जाएगा। इंटरनेशनल ट्रेड शो के बाद IITF जैसे बड़े व्यापारिक मंच पर ODOC की पहली प्रस्तुति को प्रदेश की स्थानीय पाक परंपराओं को बाजार और ब्रांडिंग से जोड़ने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
उत्पाद के बाद अब स्थानीय स्वाद की ब्रांडिंग
उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों की अपनी खास पहचान और पारंपरिक व्यंजन हैं। ODOC की अवधारणा इन्हीं स्थानीय व्यंजनों को पहचान, ब्रांडिंग और बाजार उपलब्ध कराने पर आधारित है। ODOP के जरिए जहां जिलों के विशिष्ट उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है, वहीं ODOC स्थानीय स्वाद और पाक परंपराओं को भी इसी आर्थिक दृष्टिकोण से आगे बढ़ा रहा है।
IITF में ODOC के स्टॉल के जरिए प्रदेश की पाक विविधता को व्यवस्थित तरीके से प्रदर्शित किया जाएगा। इससे देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले आगंतुकों, व्यापारियों, निवेशकों और संभावित खरीदारों को यूपी के स्थानीय व्यंजनों और उनसे जुड़े उत्पादों की जानकारी मिलेगी।
ODOP के साथ ODOC, ‘लोकल से ग्लोबल’ का अगला कदम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल से ग्लोबल’ विजन के तहत योगी सरकार स्थानीय उत्पादों को बाजार, ब्रांड और व्यापारिक अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है। ODOP इसी दिशा में प्रदेश की प्रमुख पहलों में शामिल है।
अब ODOC के जरिए इसी सोच को उत्तर प्रदेश की पाक विरासत तक विस्तार दिया जा रहा है। IITF में ODOP और ODOC की संयुक्त मौजूदगी से प्रदेश के उत्पाद और स्वाद दोनों को एक ही मंच पर पेश किया जा सकेगा। इससे स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों, खाद्य कारोबारियों और संबंधित क्षेत्रों से जुड़े लोगों के लिए नए बाजार और व्यापारिक अवसर विकसित होने की उम्मीद है।
ग्रेटर नोएडा के बाद दिल्ली में बढ़ेगा ODOC का दायरा
ग्रेटर नोएडा में आयोजित इंटरनेशनल ट्रेड शो ने यूपी के उत्पादों को बड़े व्यापारिक मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर दिया। अब इसी क्रम में ODOC को नई दिल्ली के भारत मंडपम तक ले जाया जा रहा है।
IITF में पहली बार भागीदारी से ODOC को प्रदेश की स्थानीय पहल से आगे बढ़ाकर उत्तर प्रदेश के व्यंजनों को राष्ट्रीय बाजार से जोड़ने वाले ब्रांडिंग मॉडल के रूप में स्थापित करने का अवसर मिलेगा।
देश-विदेश के खरीदारों तक पहुंचेगी यूपी की पाक पहचान
इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर देश के प्रमुख व्यापारिक आयोजनों में शामिल है। ऐसे मंच पर ODOC की पहली भागीदारी उत्तर प्रदेश के स्थानीय व्यंजनों और उनसे जुड़े उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने का अवसर देगी।
इसके जरिए प्रदेश की पारंपरिक पाक विरासत को सांस्कृतिक पहचान के साथ-साथ ब्रांड, बाजार और आर्थिक अवसर से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। स्थानीय व्यंजनों से जुड़े छोटे उद्यमियों और कारोबारियों को भी इससे नए बाजार मिलने की उम्मीद है।