Breaking News

दोपहर 1 बजे तक पश्चिम बंगाल में 62.18 फीसदी, तमिलनाडु में 56.81 प्रतिशत वोटिंग     |   WB चुनाव: कुमारगंज में 8-10 बूथों से हमारे एजेंट हटाए गए- BJP कैंडिडेट सुवेंदु     |   ‘पश्चिम बंगाल का हर वर्ग टीएमसी से दुखी’, कृष्ण नगर रैली में बोले PM नरेंद्र मोदी     |   ‘बंगाल की जनता भय से मुक्ति के लिए वोट कर रही’, कृष्ण नगर रैली में बोले PM मोदी     |   ‘पश्चिम बंगाल में कमल खिलना तय’, कृष्ण नगर रैली में बोले पीएम नरेंद्र मोदी     |  

मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसे में 11 की दर्दनाक मौत, आग में जिंदा जले लोग, PM मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बुधवार रात करीब 8:30 बजे ड्रमंडगंज घाटी में चार वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बोलेरो गाड़ी में आग लग गई और उसमें सवार लोग बाहर निकल ही नहीं पाए।

हादसे के बाद बोलेरो में लगी आग ने विकराल रूप ले लिया, जिसमें चालक समेत 9 लोग जिंदा जल गए। वहीं, एक अन्य कार के चालक और ट्रक के खलासी की भी वाहन के नीचे दबने से मौत हो गई। इस तरह कुल 11 लोगों की जान चली गई। पुलिस ने पुष्टि की है कि अधिकांश मृतकों की पहचान कर ली गई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग पर काबू पाने और शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बोलेरो पूरी तरह जल चुकी थी, जिससे राहत कार्य और भी चुनौतीपूर्ण हो गया। इस दुखद हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद है और पीड़ित परिवारों के प्रति उनकी संवेदनाएं हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और घाटी क्षेत्र की खतरनाक सड़क को हादसे की वजह माना जा रहा है।