Breaking News

नेपाल में अचानक आई बाढ़ से तबाही, गोरखा में 35 मकान बहे, कई पुल टूटे     |   अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को छोड़ा गया     |   यूट्यूबर ध्रुव राठी देर रात 3 बजे रिहा, जंतर-मंतर आने की कोशिश पर फिर कार्रवाई करेगी पुलिस     |   'सबके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास हो', PM मोदी ने दी नवरात्रि की बधाई     |   गाजियाबाद में मुठभेड़, 50 हजार का इनामी अंतरराज्यीय वाहन चोर फरमान गिरफ्तार     |  

योगी सरकार का किसानों को राहत देने का फैसला, गिरे पेड़ों के निस्तारण में नहीं होगी देरी

उत्तर प्रदेश में चक्रवाती तूफान, तेज आंधी और भारी बारिश से खेतों व निजी जमीन पर गिरे पेड़ों के निस्तारण के लिए योगी सरकार ने किसानों को राहत देने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिलाधिकारियों, प्रभागीय वनाधिकारियों (DFO) और उत्तर प्रदेश वन निगम को प्रभावित किसानों के आवेदनों पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा है।

सरकार का उद्देश्य गिरे हुए पेड़ों को हटाने और उनकी लकड़ी के निस्तारण की प्रक्रिया को आसान बनाना है, ताकि किसानों को आर्थिक नुकसान और अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

किसानों के आवेदनों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि निजी जमीन और खेतों में गिरे पेड़ों को हटाने के लिए किसानों की ओर से दिए जाने वाले आवेदनों का निस्तारण बिना अनावश्यक देरी के किया जाए। वन विभाग और उत्तर प्रदेश वन निगम को नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।

गिरे हुए पेड़ों की लकड़ी को ले जाने के लिए जरूरी ट्रांजिट परमिट भी प्राथमिकता के आधार पर जारी किए जाएंगे। इससे किसानों को अपनी जमीन पर गिरे पेड़ों की लकड़ी के परिवहन और निस्तारण में आसानी होगी।

सड़कों पर गिरे पेड़ तुरंत हटाए जाएंगे

सीएम योगी ने सार्वजनिक मार्गों पर गिरे पेड़ों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं, ताकि यातायात सुचारु बना रहे और लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने जिलाधिकारियों और प्रभागीय वनाधिकारियों को संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण करने और स्थिति पर नजर रखने को कहा है। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि पेड़ों के निस्तारण की प्रक्रिया में किसानों को किसी तरह के मानसिक या आर्थिक उत्पीड़न का सामना न करना पड़े।

पारदर्शिता के साथ होगा पेड़ों का निस्तारण

मुख्यमंत्री ने पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर जोर दिया है। गिरे हुए पेड़ों को हटाने और उनकी लकड़ी के निस्तारण से जुड़े सभी कार्य निर्धारित वन नियमों के अनुसार किए जाएंगे। सीएम योगी ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार किसानों के साथ खड़ी है। प्रभावित किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान करना और उन्हें अनावश्यक परेशानी से बचाना सरकार की प्राथमिकता है।