उत्तर प्रदेश में जेलों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए योगी सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। प्रदेश के कारागारों को आधुनिक हथियारों से लैस करने के लिए 676 इंसास राइफल और 58,795 कारतूस खरीदे जाएंगे। इस पूरी खरीद प्रक्रिया पर करीब 14 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं विभाग ने शासन को प्रस्ताव भेज दिया है।
इस पहल का उद्देश्य जेलों में तैनात जेल वार्डर और अन्य सुरक्षा कर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ उन्हें आधुनिक हथियारों के संचालन का प्रशिक्षण देना है। सरकार का जोर जेलों की सुरक्षा को चाक-चौबंद बनाने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा बलों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने पर है।
साढ़े 13 करोड़ रुपये से खरीदी जाएंगी 676 इंसास राइफल
डीजी कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं पीसी मीना ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को संसाधनों और तकनीक के स्तर पर लगातार मजबूत किया जा रहा है। पुलिस व्यवस्था के आधुनिकीकरण के साथ जेलों की सुरक्षा भी सरकार की प्राथमिकता है।
इसी क्रम में कारागार विभाग 5.56 एमएम की 676 एसएलआर इंसास राइफल खरीदेगा। इनकी खरीद उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (यूपी एसटीएफ) के माध्यम से की जाएगी। प्रस्ताव के अनुसार, राइफलों की खरीद पर करीब 13.5 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं, 58,795 कारतूस खरीदने पर लगभग 30 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
सुरक्षा कर्मियों को मिलेगा आधुनिक हथियारों का प्रशिक्षण
सरकार की इस योजना में केवल हथियारों की खरीद ही नहीं, बल्कि सुरक्षा कर्मियों की व्यावहारिक दक्षता बढ़ाने पर भी ध्यान दिया गया है। इसके लिए खरीदे जाने वाले कारतूस का इस्तेमाल जेल वार्डर समेत अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रशिक्षण में किया जाएगा।
इससे सुरक्षा कर्मियों को हथियारों के सुरक्षित संचालन, निर्धारित प्रक्रियाओं और आपात परिस्थितियों में जरूरी कार्रवाई का अभ्यास कराया जा सकेगा। सरकार का उद्देश्य है कि जेलों में तैनात सुरक्षा बल आधुनिक हथियारों से लैस होने के साथ उनके प्रभावी इस्तेमाल में भी दक्ष हों।
पिछले दो वर्षों में खरीदी गईं 254 इंसास राइफल
कारागारों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए पिछले दो वर्षों में भी खरीद की गई है। इस दौरान 254 इंसास राइफल और 44,875 कारतूस खरीदे जा चुके हैं। अब 676 नई इंसास राइफल और 58,795 कारतूस की खरीद से जेलों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। योगी सरकार की इस पहल से कारागारों में तैनात सुरक्षा कर्मियों को आधुनिक संसाधन और बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में काम आगे बढ़ेगा।