योगी सरकार प्रदेश के विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का पाठ भी पढ़ा रही है। इसी दिशा में प्रदेश के 1.32 लाख से अधिक परिषदीय विद्यालयों में 1 से 7 नवंबर तक ब्रिक्स (BRICS) सतत जीवनशैली सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके माध्यम से 1.42 करोड़ से अधिक विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इस सप्ताह का मुख्य उद्देश्य बच्चों को दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल आदतें अपनाने और टिकाऊ जीवनशैली के महत्व को समझाना है। कार्यक्रम मिशन लाइफ के सात विषयों पर आधारित है। इसमें इको क्लबों की अहम भूमिका है। गतिविधियों से जुड़ी जानकारी और जरूरी सामग्री निर्धारित पोर्टल ecoclubs.education.gov.in पर उपलब्ध कराई गई है।
सात दिन, सात विषयों पर जागरूकता अभियान
ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के तहत हर दिन एक विशेष विषय पर गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। 1 नवंबर को स्वस्थ जीवनशैली, 2 नवंबर को ऊर्जा संरक्षण और 3 नवंबर को जल संरक्षण पर कार्यक्रम हुए। वहीं, 4 नवंबर को टिकाऊ खाद्य प्रणालियों के बारे में विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
आने वाले दिनों में 5 नवंबर को एकल उपयोग प्लास्टिक से दूरी, 6 नवंबर को ई-कचरा कम करने और 7 नवंबर को कचरा कम करने पर गतिविधियां आयोजित होंगी। इन कार्यक्रमों के जरिए बच्चों को संसाधनों का सही इस्तेमाल करने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संदेश दिया जा रहा है।
शपथ, पोस्टर और कार्यशालाओं से दिया जा रहा संदेश
विद्यालयों में मिशन लाइफ की शपथ, पोस्टर निर्माण, रचनात्मक गतिविधियां, कार्यशालाएं और जागरूकता अभियान आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें ऊर्जा और जल बचाने, प्लास्टिक के विकल्प अपनाने, कचरे को अलग-अलग रखने और चीजों का दोबारा इस्तेमाल करने जैसे विषय शामिल हैं।
विद्यार्थियों और शिक्षकों को इन आदतों को केवल स्कूल तक सीमित न रखकर अपने घर और आसपास भी अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि बच्चे पर्यावरण संरक्षण का संदेश अपने परिवार और समुदाय तक भी पहुंचाएं।
बच्चों की आदतें बनेंगी पर्यावरण संरक्षण का आधार
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के माध्यम से विद्यार्थियों को ऊर्जा और जल संरक्षण, प्लास्टिक का कम उपयोग और कचरा प्रबंधन जैसी आदतों से जोड़ा जा रहा है। आज बच्चों में विकसित होने वाली ये आदतें भविष्य में पर्यावरण संरक्षण का मजबूत आधार बनेंगी।
वहीं, महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने कहा कि इको क्लबों और विद्यार्थियों की भागीदारी से पर्यावरण-अनुकूल व्यवहार को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का प्रयास किया जा रहा है। विद्यार्थियों को इन संदेशों को अपने परिवार और समुदाय तक पहुंचाने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।