अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा अभिनीत वेब सीरीज 'शक: ट्रस्ट नो वन' 24 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। रेनसिल डिसिल्वा के निर्देशन में बनी इस सीरीज का निर्माण अल्केमी फिल्म्स द्वारा किया गया है। इसे डिसिल्वा और सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा ने मिलकर तैयार किया है। इसी के साथ ये परिणीति की पहली वेब सीरीज होगी। अभिनेत्री ने सोमवार को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर पोस्ट के जरिए ये जानकारी साझा की, जिसमें सीरीज के रिलीज की तारीख के साथ उसका पोस्टर भी साझा किया गया।
परिणीति चोपड़ा ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, "शक की सुई चल पड़ी है, तारीख नजदीक आ रही है। देखिए 'शक', 24 सितंबर को रिलीज हो रही है सिर्फ नेटफ्लिक्स पर।" निर्देशक रेनसिल डिसिल्वा ने एक बयान में कहा, “ ‘शक’ अनिश्चितता पर आधारित एक रोमांचक सीरीज है। मुझे इस बात ने उत्साहित किया कि नौ साल से हार न मानने वाली एक मां के गहरे भावनात्मक सफर के जरिए एक रोमांचक कहानी कहने का मौका मिला। मैं खुशकिस्मत हूं कि मुझे नेटफ्लिक्स के साथ इस साहसिक, भावनात्मक और कई परतों वाली कहानी पर काम करने का मौका मिला।”
‘शक’ में अभिनेत्री जेनिफर विंगेट और अभिनेता ताहिर राज भसीन के साथ सुमित व्यास भी नजर आएंगे। ये कहानी एक मां की नौ साल तक अपने लापता बच्चे की तलाश पर आधारित है। परिणीति चोपड़ा को इससे पहले निर्देशक इम्तियाज अली की फिल्म 'अमर सिंह चमकीला' में देखा गया था, जो साल 2024 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने उनके साथ मुख्य भूमिका निभाई थी। फिल्म में परिणीति ने अमरजोत कौर का किरदार निभाया था।