Breaking News

अखिलेश के रोजगार वाले बयान पर राजभर का पलटवार, गिनाईं योगी सरकार की नौकरियां     |   चिटफंड कंपनी पर ED का शिकंजा, कोलकाता-इंदौर में 17 ठिकानों पर छापेमारी     |   अमेरिका: लॉस एंजेलिस में हेलीकॉप्टर क्रैश, मौके पर तीन की मौत     |   UPI के बड़े ट्रांजैक्शन पर 0.4% MDR, PhonePe CEO बोले- इंडस्ट्री को मिलेगी राहत     |   जम्मू-कश्मीर: रियासी में सालाल डैम के गेट खोले गए, चिनाब नदी से दूर रहने की सलाह     |  

बिहार में बाढ़ का जायजा लेंगे शिवराज सिंह चौहान, प्रभावित इलाकों का करेंगे हवाई सर्वेक्षण

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान 16 सितंबर को बिहार के दौरे पर जाएंगे। इस दौरान वह राज्य में बाढ़ की स्थिति और इससे हुए नुकसान का जायजा लेंगे। शिवराज सिंह चौहान बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करने के साथ ही प्रभावित किसानों और आम लोगों से सीधे मुलाकात करेंगे।

केंद्रीय मंत्री बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक में बाढ़ आपदा प्रबंधन, राहत-बचाव कार्यों और किसानों को दी जाने वाली सहायता की समीक्षा भी करेंगे। उनके साथ कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम भी मौजूद रहेगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, शिवराज सिंह चौहान भोपाल से पटना पहुंचेंगे। सुबह करीब 10:30 बजे पटना स्टेट हैंगर से हेलीकॉप्टर के जरिए डिघवारा और मनेर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इसके बाद करीब 11 बजे वह हाजीपुर पुलिस लाइन पहुंचेंगे और सड़क मार्ग से टेरसिया और सरायपुर गांव जाएंगे। यहां वह बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेंगे और स्थानीय किसानों से बातचीत करेंगे।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के बाद शिवराज सिंह चौहान दोपहर करीब 12:15 बजे मुख्यमंत्री सचिवालय 'संवाद' पहुंचेंगे। यहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बाढ़ आपदा प्रबंधन, राहत कार्यों और किसानों को दी जाने वाली सहायता को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक होगी।

दोपहर करीब 1:30 बजे पटना से रवाना होकर शिवराज सिंह चौहान करीब 2:15 बजे मुंगेर के नवाबगढ़ी पहुंचेंगे। यहां वह राहत शिविर का दौरा करेंगे, बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात करेंगे और राहत कार्यों की स्थिति की जानकारी लेंगे। इसके बाद वह भागलपुर के रास्ते नवगछिया में कोसी-करैया तटबंध का निरीक्षण करेंगे। शाम को वह भागलपुर पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित राहत शिविर पहुंचेंगे और वहां रह रहे प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जानेंगे। शिवराज सिंह चौहान 17 सितंबर की सुबह भी बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह पटना के लिए रवाना होंगे।