भारतीय उप-कप्तान शेफाली वर्मा को जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में एक कैच छूटने के बाद हताशा में मैदान पर गेंद जमीन पर फेंकने के कारण आधिकारिक तौर पर फटकार लगाई गई। रायपुर में रविवार को भारत की नौ विकेट से जीत के दौरान 22 वर्ष की शेफाली को आईसीसी आचार संहिता के लेवल एक के उल्लंघन का दोषी पाया गया। उन्हें खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए आईसीसी की आचार संहिता की धारा 2.2 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है जो किसी अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट के उपकरणों या कपड़ों, मैदान के उपकरणों, या साजो सामान के दुरूपयोग से संबंधित है। आईसीसी की विज्ञप्ति के मुताबिक उन पर एक डिमेरिट अंक भी लगाया गया है ।