Breaking News

महुआ मोइत्रा के भेदभाव के आरोपों को अल्पसंख्यक आयोग ने किया खारिज     |   मुंबई क्राइम ब्रांच का एक्शन, गोवंडी में 2.53 करोड़ की नशीली गोलियां जब्त     |   PM मोदी ने कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी को सराहा, बोले- दुनिया 'Made in India' प्लेन की चर्चा भी करेगी     |   RBI का रेपो रेट पर बड़ा बदलाव, 5.25 से बढ़ाकर 5.50% किया     |   केरल: कोऑपरेटिव सोसाइटी फ्रॉड केस में ED की रेड, 20 ठिकानों पर छापेमारी     |  

सेवा संकल्प बाइक यात्रा का काशी में होगा समापन, 500 बाइक यात्री करेंगे बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुजरात के वडनगर से शुरू हुई सेवा संकल्प बाइक यात्रा बुधवार, 7 अक्टूबर को वाराणसी में संपन्न होगी। यात्रा में शामिल 500 बाइक यात्री काशी पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे।

इस अवसर पर रोहनिया के जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में दोपहर करीब 2:30 बजे भाजपा की बड़ी जनसभा आयोजित की जाएगी। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी संबोधित करेंगे।

काशी में बाइक यात्रियों का भव्य स्वागत

भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि 7 अक्टूबर की सुबह बाइक सेवा यात्री संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। यहां सुबह 9 बजे उनके स्वागत-अभिनंदन का कार्यक्रम होगा। बाइक यात्रियों का तिलक, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया जाएगा।

इसके बाद सुबह 10 से 11 बजे के बीच एलईडी स्क्रीन के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव उद्बोधन सुना जाएगा। कार्यक्रम के बाद सभी बाइक यात्री बस से मैदागिन पहुंचेंगे और वहां से पैदल श्री काशी विश्वनाथ मंदिर जाएंगे।

22 कलश के साथ होगा जलाभिषेक

बाइक यात्रियों की पैदल यात्रा में आगे गुजरात की नदियों के जल से भरे 11 कलश और गंगाजल के 11 कलश शामिल होंगे। कुल 22 कलशों के साथ 51 महिलाएं भी यात्रा में शामिल रहेंगी।

भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विधायक, मंत्री, एमएलसी, कार्यकर्ता और बाइक सेवा यात्री भी इस पैदल यात्रा का हिस्सा होंगे। इसमें करीब 800 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में करीब एक घंटे तक पूजन-अनुष्ठान और जलाभिषेक किया जाएगा।

सीएम योगी ‘नमो बुक फेस्ट’ का करेंगे अवलोकन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार दोपहर वाराणसी पहुंचेंगे। वह रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘नमो बुक फेस्ट, काशी संस्करण’ का अवलोकन करेंगे। इसके बाद जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री बाद में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव का दर्शन-पूजन भी करेंगे।

नितिन नबीन की काशी में पहली जनसभा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की काशी में यह पहली जनसभा होगी। भाजपा ने जनसभा को सफल बनाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। पार्टी पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने और सेवा संकल्प बाइक यात्रा के प्रतिभागियों का भव्य स्वागत करने की तैयारी की है।

8 अक्टूबर को अयोध्या के लिए रवाना होंगे यात्री

काशी में कार्यक्रमों के बाद सेवा संकल्प बाइक यात्रा के प्रतिभागी 8 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे अयोध्या के लिए रवाना होंगे। अयोध्या के बाद वे दिल्ली पहुंचेंगे और वहां से अपने-अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।