Breaking News

राम मंदिर का पूरा धार्मिक कार्यभार अयोध्या के पांच संतों को सौंपा जाएगा     |   पटना, जयपुर और भोपाल समेत अलग-अलग शहरों में कांग्रेस के खिलाफ बीजेपी का प्रदर्शन     |   सरकार आश्वस्त करे तो मैं अनशन खत्म करूंगा: सोनम वांगचुक     |   NEET प्रोटेस्ट के बीच विजयवाड़ा में BJP और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प     |   काले कपड़ों में संसद पहुंच रहे कांग्रेस सांसद, पेपर लीक मुद्दे पर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी     |  

दिल्ली में मेट्रो यात्रियों को राहत, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय स्टेशन के एंट्री गेट खुले

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने बुधवार को यात्रियों को राहत देते हुए मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन के एंट्री गेट फिर से खोल दिए हैं। DMRC ने बताया कि मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों के प्रवेश की सुविधा अब बहाल कर दी गई है। इसके अलावा ब्लू लाइन के झंडेवालान मेट्रो स्टेशन के एंट्री और एग्जिट गेट भी यात्रियों के लिए खोल दिए गए हैं।

इससे पहले सुरक्षा कारणों के चलते DMRC ने दिल्ली के 16 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद करने का ऐलान किया था। हालांकि, प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों के लिए इंटरचेंज की सुविधा जारी रखी गई थी। बंद किए गए मेट्रो स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम शामिल थे।

DMRC ने स्पष्ट किया था कि राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी, ताकि यात्री जरूरत के अनुसार मेट्रो लाइन बदल सकें। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर इन स्टेशनों को बंद करने का फैसला संसद के मानसून सत्र के तीसरे दिन लिया गया था। ये सभी स्टेशन जंतर-मंतर और संसद भवन परिसर के आसपास स्थित हैं।

इससे पहले रविवार सुबह भी सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए दिल्ली के पांच प्रमुख मेट्रो स्टेशनों—जनपथ, राजीव चौक, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय और सेवा तीर्थ को अस्थायी रूप से बंद किया गया था। दरअसल, CJP की ओर से 'चलो संसद' मार्च के आह्वान और संसद के मानसून सत्र को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने संसद परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। प्रदर्शन को देखते हुए इलाके में रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों की भी तैनाती की गई थी।