Breaking News

दतिया विधानसभा सीट उपचुनाव: कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह 6016 वोट से जीते     |   ‘प्रशांत किशोर को बांकीपुर उपचुनाव में जीत के लिए बधाई’, CM सम्राट का एक्स पोस्ट     |   अरुणाचल: भूस्खलन से NH-13 पर आवाजाही बाधित, CM पेमा खांडू ने केंद्र से मदद मांगी     |   PoK ब्रॉड पीक एवलांच: 3 और पर्वतारोहियों के शव बरामद, अब तक 8 की मौत, 2 अब भी लापता     |   मांजलपुर विधानसभा उपचुनाव: BJP प्रत्याशी सतीश पटेल 30 हजार 630 वोट से जीते     |  

केरल के सभी 14 जिलों में बारिश का अलर्ट, 12 जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद, 8 लोगों की मौत

केरल में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को राज्य के सभी 14 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। राज्य में बारिश के कारण अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 8 लोग लापता हैं और 13 लोग घायल हुए हैं। मौसम विभाग ने कासरगोड, कन्नूर, कोझिकोड, वायनाड, मलप्पुरम, एर्नाकुलम, इडुक्की, कोट्टायम, अलाप्पुझा और पथनमथिट्टा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, पलक्कड़, त्रिशूर, कोल्लम और तिरुवनंतपुरम में येलो अलर्ट है।

IMD के मुताबिक, राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लगातार बारिश के कारण प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। प्रशासन ने तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को बेहद सतर्क रहने की सलाह दी है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है। संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।

12 जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद

भारी बारिश को देखते हुए 12 जिलों के जिला कलेक्टरों ने सभी शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी घोषित कर दी है। इसमें प्रोफेशनल कॉलेज भी शामिल हैं। कासरगोड, कन्नूर, वायनाड, कोझिकोड, मलप्पुरम, पलक्कड़, त्रिशूर, एर्नाकुलम, इडुक्की, कोट्टायम, पथनमथिट्टा और अलाप्पुझा में शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। समुद्र में खराब मौसम को देखते हुए मछली पकड़ने पर भी रोक जारी है। केरल, कर्नाटक और लक्षद्वीप के तटों पर मछली पकड़ने की अनुमति नहीं है।

राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। कई जगहों पर भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आई हैं। पथनमथिट्टा जिले के रन्नी में जलस्तर बढ़ गया है। यहां हाल ही में भारी बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ से स्थिति गंभीर हो गई थी।मूझियार बांध के कैचमेंट एरिया में रेड अलर्ट जारी किया गया है। हालात बिगड़ने पर बांध के गेट कभी भी खोले जा सकते हैं। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने पंबा नदी के किनारे रहने वाले लोगों को बेहद सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहने को कहा है।

केरल के पर्यटन मंत्री पीसी विष्णुनाध ने कहा कि अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी सही साबित हुई है। इसी वजह से बांध के गेट खोलने की ऊंचाई को 30 सेंटीमीटर से घटाकर 15 सेंटीमीटर करने का फैसला लिया गया। उन्होंने बताया कि ऊपरी इलाकों से बारिश का पानी निचले क्षेत्रों तक पहुंचने में करीब चार घंटे लग सकते हैं।

मंत्री ने बताया कि राहत और बचाव कार्यों के लिए तीन टिपर ट्रक तिरुवल्ला भेजे गए हैं। क्षेत्र में राहत शिविरों में रहने वाले लोगों की संख्या भी बढ़ रही है। इसके अलावा बचाव अभियान को मजबूत करने के लिए 14 मछली पकड़ने वाली नावों को भी तैनात किया जाएगा। राज्य में राजस्व विभाग के अधिकारियों की आपात बैठक भी बुलाई जाएगी। बारिश से जुड़ी घटनाओं में राज्य में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 8 लोग लापता हैं और 13 लोग घायल हुए हैं। करीब 5,792 लोगों को राज्यभर में बनाए गए 209 राहत शिविरों में पहुंचाया गया है।

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, बारिश और बाढ़ के कारण 27 मकान पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, जबकि 196 मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। सरकार ने मृतकों के परिवारों के साथ-साथ घर और आजीविका गंवाने वाले लोगों को भी सहायता देने का भरोसा दिया है। राज्य सरकार ने कहा है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। लोगों से अपील की गई है कि वे सरकार और जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें।