Breaking News

जयशंकर ने दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री संग बैठक में मिडिल ईस्ट संघर्ष पर की चर्चा     |   'पहली बार नेता प्रतिपक्ष को बोलने नहीं दिया गया', लोकसभा में बोले राहुल गांधी     |   ईरान जंग में PM मोदी ने इज़रायल और ईरान का पक्ष लिया: अरविंद केजरीवाल     |   हरीश राणा की 'इच्छामृत्यु' को सुप्रीम कोर्ट ने दी मंजूरी     |   स्पीकर के खिलाफ प्रस्तुत अविश्वास प्रस्ताव पर दोपहर बाद लोकसभा में चर्चा का जवाब देंगे अमित शाह     |  

सोनीपत में किसान की बेटी की शादी में शामिल हुए राहुल गांधी, पारंपरिक व्यंजनों का लिया स्वाद

Haryana: कांग्रेस नेता राहुल गांधी मंगलवार को हरियाणा के सोनीपत जिले के मदीना गांव में एक किसान की बेटी के विवाह समारोह में शामिल हुए। कांग्रेस के अनुसार, गांधी की मुलाकात किसान संजय मलिक से पहली बार 2023 में मदीना गांव में अचानक की गई यात्रा के दौरान हुई थी और उन्होंने उनके साथ खेतों में काम करते हुए किसान परिवारों के समक्ष आने वाली कठिनाइयों की जानकारी ली थी।

कांग्रेस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा है, गांधी ने संजय मलिक और उनके परिवार के सुख-दुख में साथ देने का वादा किया था। आज, ‘जननायक’ उनके परिवार की खुशियों का हिस्सा बने हैं। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सुबह गांव पहुंचे, जहां कांग्रेस के रोहतक से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और पार्टी के अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह मलिक की बेटी तनु की शादी में शामिल होने के लिए रवाना हुए।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, परिवार ने पूर्व में गांधी को समारोह में आमंत्रित किया था। सफेद टी-शर्ट और हरी पतलून पहने गांधी ने पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया जिनमें चूरमा, एक गिलास दूध और गोहाना की मशहूर जलेबी शामिल थीं। उन्होंने मलिक के परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों से बातचीत की। परिवार ने सम्मान स्वरूप उन्हें पगड़ी बांधी।

कांग्रेस ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘राहुल गांधी सोनीपत में किसान संजय मलिक की बेटी के विवाह समारोह में शामिल हुए।’’ पार्टी ने पोस्ट में कहा, ‘‘जननायक राहुल गांधी पहली बार संजय जी से 2023 में मिले थे। उन्होंने उनके साथ खेतों में काम किया और किसान परिवारों के संघर्षों की कहानियां सुनीं।’’

इस पोस्ट के साथ गांधी की यात्रा की तस्वीरें भी साझा की गई हैं। कांग्रेस ने कहा कि मलिक के परिवार और ग्रामीणों ने गांधी से कहा कि वे बहुत खुश हैं कि उन्होंने एक किसान परिवार के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए समय निकाला।

पार्टी द्वारा ‘एक्स’ पर साझा किए गए एक छोटे वीडियो में, गांधी को परिवार और ग्रामीणों के साथ बातचीत करते देखा जा सकता है, और वह उन्हें बता रहे हैं कि उनकी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी ने मलिक के परिवार को अपनी बधाई भेजी है। प्रियंका ने भी अपने भाई द्वारा फोन किए जाने के बाद परिवार से बात की।

कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘जिस दौर में बड़े नेताओं में धनाढ्य पूंजीपतियों की शादियों में पहुंचने की होड़ लगी होती है, उसी दौर में राहुल गांधी ने आज उस संजय किसान की बेटी की शादी में पहुंच कर अपना कन्यादान का वचन निभाया जिसके खेत में दो वर्ष पूर्व धान की रोपाई का कार्य किया था।’’

जुलाई 2023 में गांधी ने अचानक मदीना गांव का दौरा किया था और लोगों से बातचीत की तथा खेतों में काम कर रहे किसानों के साथ समय बिताया। अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने धान की रोपाई में हिस्सा लिया, ट्रैक्टर चलाया और खेतों में काम कर रही महिला मजदूरों द्वारा लाया गया भोजन किया था।

गांधी के निमंत्रण पर, किसानों ने बाद में दिल्ली में कांग्रेस नेता से मुलाकात की और उनके साथ दोपहर का भोजन किया।