पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा है कि इस बार का पंजाब बजट महिलाओं, माताओं और बहनों को समर्पित है। उन्होंने कहा कि आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल की ओर से दी गई गारंटी को पूरा कर दिया गया है। चीमा ने कहा कि आम आदमी पार्टी देश की पहली ऐसी पार्टी बन गई है जिसने चार साल के भीतर अपनी सभी पांचों गारंटी पूरी कर दी हैं।
उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार ने महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का जो वादा किया था, उसे इस बार के बजट में पूरा कर दिया गया है और यह योजना बैसाखी तक लागू कर दी जाएगी। विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि पंजाब पहले से ही कर्ज में था, जो कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल की पिछली सरकारों की देन है। इसके बावजूद उनकी सरकार न केवल उस कर्ज को कम करने का प्रयास कर रही है बल्कि पंजाब के विकास के लिए भी लगातार काम कर रही है।